अनंत सिंह दामाद को देंगे 2 करोड़ की डिफेंडर, बेटे को BMW, बेटी की शादी में 4 लाख लोगों का बन रहा खाना
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। मौका है उनकी छोटी बेटी शिवांगी की शादी का, जो 25 नवंबर को होने जा रही है। इस शादी को यादगार और भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा उन लग्जरी गिफ्ट्स की हो रही है, जो अनंत सिंह अपने परिवार के सदस्यों को देने जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2 से ढाई करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। वहीं, बेटी की शादी के साथ ही उनके छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी होगा। इस मौके पर अनंत सिंह अपने बेटे को BMW कार तोहफे में देने जा रहे हैं।
शादी समारोह 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में आयोजित होगा। इसके लिए करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य मंडप और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन को खास बनाने के लिए बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल के भी पहुंचने की चर्चा है।
मेहमानों की खातिरदारी के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शादी में 150 से अधिक तरह के पकवान परोसे जाएंगे। वहीं, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है।
अब बात उस खास तोहफे की, जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। लैंड रोवर डिफेंडर देश की महंगी और प्रीमियम एसयूवी में शुमार है। इसके टॉप वेरिएंट की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक पहुंचती है। हालांकि, अनंत सिंह की ओर से दिए जाने वाले मॉडल और उसकी अंतिम कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोडिंग क्षमता, मजबूत डिजाइन, शानदार इंटीरियर और अत्याधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है। इसमें ऑल-व्हील ड्राइव, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और कई प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं।
कुल मिलाकर, अनंत सिंह की बेटी की यह शादी सिर्फ पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि अपने भव्य इंतजाम, फिल्मी सितारों की मौजूदगी और करोड़ों के लग्जरी गिफ्ट्स को लेकर भी सुर्खियों में है। अब सबकी नजरें 25 नवंबर को होने वाले इस शाही आयोजन पर टिकी हैं।







