अनंत सिंह ने लिखा- गरीब पर अत्याचार नहीं सहेंगे छोटे सरकार, न कल झुके थे, न आज झुकेंगे
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अनंत सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा, बोले- न कल झुके थे, न आज झुकेंगे
बिहार की सियासत में मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। राजद नेता दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें 1 दिसंबर को सरेंडर करना है। इस बीच अनंत सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। उनके पोस्ट को लेकर तरह-तरह के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
दरअसल, अनंत सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें उनकी तस्वीर के साथ लिखा है, 'गरीब-गुरबों पर अत्याचार नहीं सहेंगे छोटे सरकार।' इस पोस्टर में अनंत सिंह की बड़ी तस्वीर के साथ उनकी पत्नी नीलम देवी की तस्वीर भी दिखाई दे रही है। साथ ही लोगों से उनके सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करने की अपील की गई है।
वहीं, शुक्रवार को भी अनंत सिंह ने लगातार दो पोस्ट साझा किए। पहली पोस्ट में एक वीडियो के साथ 'जय जनता मालिक, जनसेवा सर्वोपरि' का संदेश दिया गया, जबकि दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'हम न कल झुके थे, न आज झुकेंगे।' इन संदेशों को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि मोकामा में उनके समर्थक अनंत सिंह को 'छोटे सरकार' के नाम से संबोधित करते हैं। ऐसे में गरीब-गुरबों के साथ खड़े रहने का संदेश देकर उन्होंने अपनी इसी छवि को फिर से सामने रखने की कोशिश की है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 'गरीब-गुरबा' जैसे शब्दों के जरिए अनंत सिंह मोकामा के गरीब, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं। जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासन के बाद अब उनकी कोशिश मोकामा में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की भी हो सकती है।
ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अनंत सिंह के इन पोस्ट को महज सोशल मीडिया गतिविधि नहीं, बल्कि सहानुभूति, जनसेवा और संघर्ष के संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि इन संदेशों का मोकामा की सियासत पर क्या असर पड़ता है।







