Newshaat_Logo

अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, विधानसभा ने थमाया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब

पटना: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
 
अनंत सिंह

पटना: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बिहार विधानसभा की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने यह नोटिस जारी किया है। इसमें अनंत सिंह को सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। सोमवार को अनंत सिंह ने विधानसभा का नोटिस प्राप्त कर लिया।

दरअसल, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग जेडीयू की ओर से की गई थी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को इस संबंध में लिखित आवेदन सौंपा था। आवेदन में अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने का आरोप लगाया गया था।

जेडीयू ने अपने आरोपों के समर्थन में अखबारों की कटिंग, सीडी और कई अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे थे। इन सबूतों की समीक्षा के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। इसी के तहत विधानसभा सचिवालय की ओर से अनंत सिंह को नोटिस जारी किया गया है।

पूरा मामला बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के चुनाव से जुड़ा है। इस चुनाव में जेडीयू ने नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था। लेकिन आरोप है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया था।

जेडीयू ने इसे पार्टी के निर्देशों और अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की थी। अब विधानसभा की ओर से नोटिस जारी होने के बाद उनकी सदस्यता को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल सबकी नजरें अनंत सिंह के जवाब और विधानसभा अध्यक्ष के अगले फैसले पर टिकी हैं।