Newshaat_Logo

नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन, काउबॉय हैट, काला चश्मा, खुली जीप में 200KM का रोड शो, बोले- साफ कर देंगे

अनंत सिंह खुलकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अनंत सिंह अपने काफिले के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 200 किलोमीटर का रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई।
 
अनंत सिंह

बिहार की राजनीति में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह खुलकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अनंत सिंह अपने काफिले के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 200 किलोमीटर का रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई।

इस बार अनंत सिंह का अंदाज भी चर्चा में रहा। पटना से निकलते वक्त वह काउबॉय हैट और काला चश्मा पहने अपने काफिले के साथ रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कोई 'पुदीना सिंह' कहता है, लेकिन काउंटिंग के दिन सब कुछ साफ हो जाएगा। उनके इस बयान को चुनावी नतीजों से पहले विरोधियों को दी गई चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

अनंत सिंह का काफिला जैसे ही नालंदा पहुंचा, समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारी थी। समर्थकों ने 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया' के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। उनका काफिला बिहारशरीफ के मगड़ा पहुंचा, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया।

मगड़ा में समर्थकों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने सीधे तौर पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को निशाने पर लिया। अपने खास अंदाज में उन्होंने कहा कि जनता भगवान है और इस बार जनता नीरज कुमार का गैस निकाल देगी। उनके इस बयान के बाद पटना स्नातक सीट का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

दरअसल, नालंदा को नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र माना जाता है। मंगलवार को नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इसी इलाके में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार किया था। निशांत लगातार पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में जनसभाएं कर रहे हैं और लोगों से उन्हें जिताने की अपील कर रहे हैं।

एक तरफ निशांत कुमार नीरज कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में हैं, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह ने डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में नालंदा में आमने-सामने की यह चुनावी लामबंदी जेडीयू के लिए भी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।

अब देखना होगा कि अनंत सिंह का यह शक्ति प्रदर्शन डॉ. अनुज सिंह के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है और पटना स्नातक सीट पर मतदाताओं का रुख किस उम्मीदवार के पक्ष में जाता है। फिलहाल, चुनावी बयानबाजी और प्रचार के बीच इस सीट पर मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है।