पटना हाईकोर्ट को मिलेगा नया जज, अंशुल राज कल लेंगे शपथ
Bihar news: पटना उच्च न्यायालय में न्यायिक कामकाज को और तेज करने के लिए एक और नए जज की नियुक्ति होने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नियुक्त किए गए अंशुल उर्फ अंशुल राज कल यानी 27 जनवरी 2026 को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह पटना हाईकोर्ट के नवनिर्मित शताब्दी भवन में सुबह 10:30 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू उन्हें शपथ दिलाएंगे। समारोह में हाईकोर्ट के कई जज, वरिष्ठ वकील और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
अंशुल राज की नियुक्ति को लेकर भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय ने 23 जनवरी 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी की थी। शपथ लेने के बाद वे औपचारिक रूप से हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल लेंगे।
इस नियुक्ति के बाद पटना हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 38 हो जाएगी। फिलहाल यहां कुल 53 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से अब भी 15 पद खाली हैं। लंबे समय से जजों की कमी के कारण कई मामलों का निपटारा देर से हो रहा था। नए जज के आने से मामलों के निपटारे में कुछ तेजी आने की उम्मीद है।
अंशुल राज इससे पहले पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं। वे अपनी कानूनी समझ और संतुलित दलीलों के लिए जाने जाते हैं। वकील समुदाय में उनकी नियुक्ति को सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।
जानकारों का मानना है कि नए जज के जुड़ने से न्यायालय की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को समय पर न्याय मिलने में मदद मिलेगी।







