शाही शादी पर करोड़ों का इंतजाम, फिर खाने की प्लेट के लिए मारामारी, विदेशी मीडिया में चर्चा
पटना के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की ग्रैंड वेडिंग (Anant Singh Daughter Wedding) ने सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी ध्यान खींचा। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में शादी को लेकर चर्चा जरूरी हुई, लेकिन शादी में किए गए खर्च को लेकर कई तरह के सवाल भी उठाए गए।
रिपोर्ट में उल्लेख किया कि जिस राज्य की एक-तिहाई आबादी बहुआयामी गरीबी से जूझ रही है, वहां इस समारोह को 'शाही शादी' का नाम दिया जा रहा है और यह चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अनंत सिंह के एक राजनीतिक विरोधी ने इस आयोजन में खर्च हुई भारी-भरकम राशि के सोर्स की जांच की मांग भी उठाई है।
वहीं, 'द गार्जियन' ने भारत के सबसे गरीब राज्य में चार लाख मेहमानों की मेजबानी, छह हेलीपैड के निर्माण और 500 रसोइयों द्वारा तैयार किए गए भोज का जिक्र किया। 'डेली मेल' ने इसे भारत की चर्चित खर्चीली शादियों के मानकों से भी कहीं अधिक भव्य बताया।
अनंत सिंह ने इस आयोजन के लिए बिहार के अलावा देश के अन्य हिस्सों और यहां तक कि पाकिस्तान तक से लोगों को आमंत्रित किया था। उनका कहना था कि जनता उनके लिए भगवान समान है और जो भी प्रेम से आएगा, उसका स्वागत है; यह कोई सिनेमा नहीं है जहां टिकट लगेगा।
लाखों की भीड़ की उम्मीद में 500 से ज्यादा हलवाई और 300 से अधिक भट्ठियां लगाई गई थीं, लेकिन भारी जनसैलाब के आगे ये इंतजाम कम पड़ गए। मेन्यू में 150 से अधिक व्यंजन होने के बावजूद मेहमानों के लिए प्लेट हासिल करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया।
सामने आए वीडियो में लोग हवा में उछाली जा रही डिस्पोजल प्लेटों को लपकते दिखे। प्लेट न मिलने पर कई लोगों ने गत्ते, अखबार और यहां तक कि पानी के गिलास में खाना लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियों का भी सहारा लेना पड़ा।
कुछ लोग सीधे बर्तनों से पनीर निकालते दिखे, जबकि एक वीडियो में एक व्यक्ति के सब्जी के बड़े बर्तन में गिरने की बात भी सामने आई। एक मेहमान ने इस स्थिति की तुलना युद्ध जीतने से करते हुए कहा कि उनके पहुंचने से पहले ही रसगुल्ले खत्म हो चुके थे।







