बांकीपुर उपचुनाव पर अशोक चौधरी का बड़ा दावा, बोले- ‘नीरज सिन्हा रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे, मुकाबला एकतरफा’
Bihar political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है। मतदान से पहले राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में एनडीए की स्थिति बेहद मजबूत है और इस चुनाव में कोई वास्तविक मुकाबला नहीं है। उनके मुताबिक, जनता का समर्थन पूरी तरह एनडीए के साथ है और नीरज कुमार सिन्हा पिछले चुनाव के मुकाबले भी अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
अशोक चौधरी ने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा एक जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं, जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए काम किया। उन्होंने बताया कि भाजपा के पूर्व विधायक और वर्तमान राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। यही कारण है कि एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
मंत्री अशोक चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चुनावी मैदान में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। उनका दावा था कि बांकीपुर की जनता विकास और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी।
त्रिकोणीय मुकाबले में किसकी होगी जीत?
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में इस बार मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा है। तीनों प्रमुख दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएगा फैसला
बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। यह सीट भाजपा के राज्यसभा सांसद बनने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी।
भाजपा का मजबूत गढ़ रही है बांकीपुर सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। वर्ष 2006 के उपचुनाव में पहली बार नितिन नवीन ने यहां जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने लगातार जीत हासिल की। वर्ष 2025 के चुनाव में उन्होंने 51,936 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। अब उनकी जगह एनडीए ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जिनकी जीत को लेकर पार्टी पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है।







