Movie prime

सम्राट से अलग अश्विनी की राय, बोले- 2025 में BJP के नेतृत्व में सरकार बननी चाहिए, RJD ने ली चुटकी

 

लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के 2 दिन बाद ही 6 जून को डिप्टी सीएम और बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा था कि नीतीश कुमार बिहार के नेता हैं। हम 2025 का चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ेंगे। लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की राय अलग हैं। उनका कहना है कि 2025 में बीजेपी के नेतृत्व में बिहार में सरकार बननी चाहिए। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में हमारा दायित्व बनता है। बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बननी चाहिए। इसके लिए जो भी तपस्या और बलिदान करना होगा करेंगे। उनके इस बयान से बिहार में एनडीए गठबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इधर राजद ने पूरे मामले में चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी जदयू के साथ छल कर रही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि 2025 में बिहार में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बने। भाजपा कार्यकर्ता होने की वजह से यह उनका सपना है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी हुई है। भाजपा आयातित लोगों को मंत्री, सांसद, विधायक बनाने में कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन संगठन के मूल आधार पर भाजपा के लोगों को ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार बने, लेकिन उसका नेतृत्व भाजपा ही करे।

अश्विनी चौबे के बयान पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा है कि बीजेपी और जदयू के बीच सब कुछ ठीक नहीं है और बीजेपी जदयू पर भरोसा नहीं रखती है। अश्विनी चौबे ने इशारा किया है कि इस बार बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर बीजेपी को भरोसा नहीं रहा। ऐसे बयान के बाद जदयू के सारे नेता चुप क्यों हैं। अश्विनी चौबे के बयान से साफ हो गया है कि भाजपा अपनी भूमिका को बड़ा करना चाहती है।