Newshaat_Logo

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बिहार की उपलब्धियों को मिली वैश्विक पहचान : संजय सरावगी
 
सम्राट चौधरी

पटना: बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना। 

इस अवसर पर संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया सहित अनेक विधायक, विधानपार्षद, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी, नवाचार और समाज के सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों और उपलब्धियों को सामने लाते हैं तथा समाज को नई ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं।

संजय सरावगी ने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पटना स्थित बिहार म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का उल्लेख किया जाना प्रत्येक बिहारवासी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में बिहार म्यूजियम को नौवां स्थान मिलना और पूरे एशिया में प्रथम स्थान हासिल करना बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, कला, संस्कृति और सभ्यतागत पहचान का वैश्विक सम्मान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार म्यूजियम की उपलब्धि की चर्चा करते हुए पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम का भी उल्लेख किया। यह उपलब्धि बताती है कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। प्रधानमंत्री ने वडनगर के म्यूजियम की भी सराहना की और लोगों से अपील की कि वे देश के विभिन्न स्थानों की यात्रा के दौरान वहां के संग्रहालयों को देखने और उनके इतिहास को जानने का प्रयास जरूर करें।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में नशे की बढ़ती समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की। युवाओं के सपनों और उनकी ऊर्जा के सामने नशे की लत एक बड़ी चुनौती है। प्रधानमंत्री ने नशे के खिलाफ समाज में बढ़ती जागरूकता और सक्रियता तथा नशामुक्त युवा अभियान के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया है। 

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। युवाओं की प्रतिभा, क्षमता और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। नशामुक्त समाज ही विकसित और सशक्त भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकता है।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय गुड़, चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के ऊंट के दूध जैसे स्थानीय उत्पादों की चर्चा कर देश की पारंपरिक संपदा और आधुनिक नवाचार के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया। भारत की पारंपरिक खाद्य संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को नए प्रयोगों तथा तकनीक के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास सराहनीय है। ऐसे प्रयास किसानों, महिलाओं, कारीगरों और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करते हैं। प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने से ही साकार होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से समाज के उन अनगिनत लोगों और प्रयासों को पहचान दिलाई है, जो बिना किसी प्रचार के राष्ट्र और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। यह कार्यक्रम देशवासियों में सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने बिहार म्यूजियम की उपलब्धि का उल्लेख करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उन्हें जनभागीदारी का हिस्सा बनाने के लिए संकल्पित हैं।