Newshaat_Logo

Bankipur By-Election: 16वें राउंड तक प्रशांत किशोर की बड़ी बढ़त, BJP पीछे; पहले चुनाव में बदले सियासी समीकरण

 
Bankipur By-Election: 16वें राउंड तक प्रशांत किशोर की बड़ी बढ़त, BJP पीछे; पहले चुनाव में बदले सियासी समीकरण

Bakipur upchunaav result: बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती दौर से ही बढ़त हासिल करने वाले प्रशांत किशोर ने अपने पहले चुनाव में ही भाजपा के मजबूत गढ़ में कड़ी चुनौती पेश कर दी है। 15वें राउंड तक के रुझानों के अनुसार, वे भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा से करीब 8,202 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।

बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत राजनीतिक आधार मानी जाती रही है। ऐसे में मतगणना के दौरान लगातार मिल रही बढ़त ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यही रुझान अंतिम परिणाम तक कायम रहता है, तो इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जाएगा।

मतगणना के बीच मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “जीत तो हो चुकी है।” उनके इस बयान के बाद जन सुराज के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और कई जगहों पर समर्थकों ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया।

इस उपचुनाव को भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। चुनावी रुझानों से संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी को अपने पारंपरिक वोट बैंक वाले कुछ इलाकों में अपेक्षित बढ़त नहीं मिल सकी है। हालांकि, अभी मतगणना पूरी नहीं हुई है और अंतिम परिणाम शेष राउंड की गिनती पर निर्भर करेगा।

उधर, बिहार के साथ गुजरात की मंजलपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी जारी है। गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

फिलहाल, पूरे बिहार की निगाहें बांकीपुर के अंतिम नतीजे पर टिकी हैं। यदि रुझान परिणाम में बदलते हैं, तो प्रशांत किशोर की यह जीत बिहार की राजनीति में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत मानी जाएगी।