बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में उतरे गोपाल सिंह, बोले- ‘प्रशांत किशोर कहीं भी मुकाबले में नहीं’
Bihar political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने नीरज कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है, वहीं दूसरी ओर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनाव मैदान में उतरकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
प्रशांत किशोर लगातार दावा कर रहे हैं कि इस बार बांकीपुर की जनता बीजेपी को सबक सिखाएगी और उसके प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो जाएगी। इसी बीच बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में जन सुराज छोड़कर भाजपा में शामिल हुए गोपाल सिंह ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला।
गोपाल सिंह ने कहा कि इस चुनाव में प्रशांत किशोर कहीं भी मुकाबले में नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठनात्मक पार्टी है और दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन के रूप में काम करती है।
उन्होंने प्रशांत किशोर पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह लगातार सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने या उनके परिवार ने बांकीपुर की जनता के लिए अब तक क्या योगदान दिया है। गोपाल सिंह ने दावा किया कि उनके परदादा ने बांकीपुर में दयानंद बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना कर क्षेत्र की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया था, जिसे आज भी लोग याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर यह बताएं कि उन्होंने या उनके परिवार के किसी सदस्य ने बांकीपुर के लोगों के लिए ऐसा कौन-सा काम किया है, जिसके लिए जनता उन्हें याद रखे।







