Newshaat_Logo

बांकीपुर उपचुनाव: मतदान जारी, बूथों पर सुबह से लगी कतारें; दिग्गज नेताओं ने डाला वोट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 
बांकीपुर उपचुनाव: मतदान जारी, बूथों पर सुबह से लगी कतारें; दिग्गज नेताओं ने डाला वोट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Political news: राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। कई बूथों पर लोग कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

इस उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मुकाबले में भाजपा के नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर प्रमुख उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार के दौरान तीनों दलों ने पूरी ताकत झोंकी थी और अब सभी की नजर मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी है।

दिग्गज नेताओं ने किया मतदान, जनता से की वोट डालने की अपील

मतदान के दौरान पद्म भूषण सम्मानित वरिष्ठ नेता एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.पी. ठाकुर, भाजपा सांसद विवेक ठाकुर और समाजसेवी दीपक ठाकुर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक लोगों से मतदान करने की अपील की। साथ ही भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

इन पहचान पत्रों से भी कर सकेंगे मतदान

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी (EPIC) नहीं है, तब भी वह आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त वैकल्पिक पहचान पत्रों के आधार पर मतदान कर सकता है। इनमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पेंशन दस्तावेज, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, स्मार्ट कार्ड, सांसद, विधायक या एमएलसी द्वारा जारी पहचान पत्र तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों का फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र शामिल हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस की तैनाती की गई है। बूथों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल (Flying Squad) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

3 अगस्त को आएगा फैसला

मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनता ने किस उम्मीदवार को अपना जनप्रतिनिधि चुना है। फिलहाल पूरे बिहार की नजर इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव के मतदान प्रतिशत और उसके नतीजों पर टिकी हुई है।