Movie prime

भय बिनु होइ न प्रीति... रामयाण के दोहे से मांझी ने NDA पर फिर डाला प्रेशर, सीटों की मांग पर अटल

 
jitan ram manjhi

केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि झारखंड व दिल्ली में उनके साथ धोखा किया गया। लेकिन बिहार में अब वे अपनी ताकत दिखाएंगे। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के जिला सम्मेलन में जीतनराम मांझी अपने मंत्री पुत्र डा संतोष कुमार सुमन व अन्य वरीय नेताओं के साथ जहानाबाद गांधी मैदान पहुंचे थे। सम्मेलन में जीतनराम मांझी ने अपने भाषण में रामचरित मानस(रामायण) के एक दोहे 'विनय न मानत जलधि जड़ गए तीनि दिन बीति, बोले राम सकोप तब भय बिनु होइ न प्रीति' का पाठ किया। सोशल मीडिया पर यह बयान वायरल हो रहा है जिसकी राजनैतिक गलरियारे में चर्चा हो रही है।

खुले मंच से जीतनराम मांझी ने कहा कि कोई रहे, बेटा रहे, भाई रहे या परिवार रहे। भय के बिना प्रीति नहीं होती। बहुत सारी बातें हैं जिन्हें नहीं बोलना चाहिए, इसलिए नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार दोनों उनसे बहुत स्नेह रखते हैं लेकिन काम जनमत की ताकत से होता है। अगर विधानसभा में बीस सीट भी मिल जाए तो शिक्षित बेरोजगारों को पांच हजार भत्ता, बजुर्गों को दो हजार पेंशन और पांच एकड़ तक जमीन वाले किसानों को मुफ्त बिजली की मांग सरकार से हर हाल में पूरी करवा लेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रितेश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा के द्वारा आयोजित सम्मेलन में जीतन राम मांझी ने कहा कि झारखंड व दिल्ली में उनकी पार्टी के साथ टिकट बंटबारे में न्याय नहीं किया गया। दोनो राज्यों में पार्टिर्यों की औकात देखी गई। लेकिन अब उनकी बारी है। जीतन राम मांझी ने कहा कि जब एनडीए में दोबारा नीतीश कुमार की वापसी हुई तो उन्हें मुख्यमंत्री पद का ऑफर दिया गया। उन्होने कहा कि गरीब ईमानदार होते हैं। वे स्वार्थ में बिहारवासियों के साथ अन्याय नहीं कर सकते हैं। वैसे उन्होने अपनी अहमियत को परोक्ष रूप से बताते हुए कहा कि सिर्फ एक वोट के लिए अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार गिर गई थी। उनके पास भी वैसी ही ताकत थी ,लेकिन वे एनडीए परिवार में पूरी ईमानदारी से हैं।

जीतनराम मांझी ने कहा कि परिवार में जैसे लोग अपने हक के लिए आवाज उठाते हैं, वैसे ही वे भी परिवार में रहकर अपनी बात रखते हैं। मौके पर रहे हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि उनकी पार्टी का जनाधार तेजी से मजबूत हो रहा है। दरअसल उनकी पार्टी पूरी ईमानदारी से सिर्फ व सिर्फ विकास पर फोकस करती है। उन्होने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव आते-आते उनकी पार्टी और मजबूती से उभरकर सामने आएगी क्योंकि समाज के सभी वर्गों का लगातार समर्थन बढ़ रहा है।