Movie prime

बिहार में कांग्रेस को तगड़ा झटका, MLA विजय शंकर दुबे के बेटे व असितनाथ तिवारी सहित कई BJP में शामिल

 

लोकसभा चुनाव के बीच बिहार में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बिहार कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित मिलन समारोह में  इनसभी नेताओं को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस छोड़ भाजपा में  शामिल होने वालों में विधायक विजय शंकर दूबे के पुत्र सत्यम दूबे, कांग्रेस के प्रवक्ता रहे असित नाथ तिवारी और बेगूसराय के  प्रत्याशी रहे अमरेंद्र सिंह कई और नेताओं का नाम शामिल है। 

मिलन समारोह में सम्राट चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपके आने से हमारी ताकत बढ़ी है। अब हम बिहार की 40 में से 40 सीट जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कल तक जिन सीटों पर हम 1 से 2 लाख के अंतर से जीत रहे थे, वहां अब यह अंतर 3 से चार लाख तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा देश को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री कदम बढ़ा चुके हैं। प्रधानमंत्री कल भी फ़क़ीर थे, आज भी फ़क़ीर हैं और कल भी फ़क़ीर रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जनाधार वाले नेता लगातार भाजपा में हो रहे शामिल हैं। 

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आगे  कहा कि आज से पहले देश की आर्थिक स्थिति पर चर्चा नहीं होती थी। लेकिन आज हम वैश्विक अर्थव्यस्था में तेजी से आगे बढ़ने वाले देशों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने 25 करोड़ लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया। आज गरीब कल्याण के लिए काम किये जा रहे हैं तो युवाओं के आगे बढ़ाने की चर्चा हो रही है। किसानों की आय को  दोगुना करने के प्रयास किये जा रहे है। मोदी की गारंटी साफ है कि भ्रष्टाचार करने वालों को जेल जाना पड़ेगा। पड़ोसी राज्य में मंत्री के पीए के घर से 35 करोड़ रुपये बरामद किए गए। कांग्रेस के एक सांसद के घर से 350 करोड़ रुपये बरामद हुए थे।

बता दें कि आज भाजपा की सदस्यता लेने वालों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम मिश्रा, पूर्व प्रदेश सचिव राकेश कुमार सिन्हा, भानु प्रताप सिंह, अमित द्वेदी, गंगाधर पांडेय, पंकज परमार, डॉ अजित कुमार, सुनील कुमार साह, कमलदेव तिवारी, राजन यादव, चंद्रशेखर ओम, तारकेश्वर, सुंदर सहानी का नाम शामिल है। 

मिलन समारोह में बिहार के मंत्री मंगल पांडेय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि अभी तीन चरणों का चुनाव शेष है।  इस चुनाव में इस मिलन समारोह का प्रभाव साफ दिखेगा।