Movie prime

RJD को बड़ा झटका, पूर्व सांसद रामा सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा, चिराग के हेलिकॉप्टर पर होंगे सवार

 

लोकसभा चुनावों के बीच राजद को एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद राम किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे की कॉपी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को भेज दियाहै। ऐसी जानकारी मिली है कि राजद से अलग होने के बाद वह चिराग के हेलिकॉप्टर पर सवार होंगे। जल्द ही वो चिराग की पार्टी लोजपा(रामविलास) ज्वाइन करेंगे। चिराग खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिला सकते हैं। 

बता दें कि राम किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह की पहचान बाहुबली नेता के रूप में  रही है। वह पांच बार विधायक और एक बार सांसद रहे हैं। एक समय में वह रामविलास पासवान के प्रिय हुआ करते थे। रामा सिंह का नाम 90 के दशक में तेजी से उभरा। तब उनकी दोस्ती बाहुबली अशोक सम्राट से थी। रामा सिंह का नाम कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। 2001 का जयचंद्र अपहरण केस हो या फिर चंद्रमा सिंह मर्डर केस या फिर जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर केस रामा सिंह जरायम की दुनिया में बिहार ही नहीं बिहार के बाहर भी चर्चा में रहे। राजद में रहते हुए रामा सिंह वैशाली से लोकसभा का टिकट चाहते थे, लेकिन राजद से उनकी जगह मुन्ना शुक्ला को उम्मीदवार बनाया। उनके नाराजगी की  यही बड़ी वजह मानी जा रही है।