तेजस्वी यादव को बड़ा झटका! RJD के पूर्व सांसद अर्जुन राय ने छोड़ी पार्टी, 27 जुलाई को BJP में होंगे शामिल
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सीतामढ़ी से पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन राय ने RJD से अलग होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने की घोषणा की और कहा कि वह 27 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे।
अर्जुन राय के पार्टी छोड़ने की खबर ऐसे समय आई है, जब RJD नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विदेश दौरे से लौटे हैं। बताया जा रहा है कि अर्जुन राय पिछले कुछ समय से पार्टी की कार्यशैली और अंदरूनी फैसलों को लेकर नाराज चल रहे थे। हालांकि, अब उन्होंने खुलकर RJD से दूरी बनाने का फैसला किया है।
PM मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर BJP में जाने का फैसला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्जुन राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने बिहार में पंचायत चुनाव से पहले प्रस्तावित परिसीमन का भी समर्थन किया।
अर्जुन राय ने RJD की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी जिस दिशा में आगे बढ़ रही है, वह उन्हें सही नहीं लग रही। उन्होंने सीतामढ़ी जिले में अधूरे पड़े विकास कार्यों का मुद्दा भी उठाया।
पूर्व सांसद ने कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होना जरूरी है। उनके मुताबिक, ‘डबल इंजन’ सरकार के साथ मिलकर विकास और जनहित के कामों को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह भी बिहार की विकास यात्रा में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।
पहले JDU में गए, फिर RJD में लौटे थे अर्जुन राय
अर्जुन राय का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वर्ष 1994 में उन्होंने बिहार विश्वविद्यालय से छात्र राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वर्ष 2000 में उन्होंने RJD के टिकट पर औराई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा।
वर्ष 2005 में उन्होंने RJD छोड़कर JDU का दामन थाम लिया और औराई से विधायक चुने गए। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में JDU के टिकट पर सीतामढ़ी से जीत दर्ज कर संसद पहुंचे।
हालांकि, 2014 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद वर्ष 2015 में अर्जुन राय दोबारा RJD में लौट आए। पार्टी ने उन्हें 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में सीतामढ़ी से उम्मीदवार बनाया, लेकिन दोनों ही चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
RJD के एक और वरिष्ठ नेता छोड़ चुके हैं पार्टी
अर्जुन राय के RJD छोड़ने से पहले पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी भी पार्टी से अलग होकर BJP में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में अर्जुन राय का इस्तीफा RJD के लिए एक और झटका माना जा रहा है।
अब सभी की नजर 27 जुलाई पर है, जब अर्जुन राय औपचारिक रूप से BJP की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके बीजेपी में जाने के बाद सीतामढ़ी की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।







