बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज की बड़ी तैयारी, 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की रणनीति; इन नामों की चर्चा
Bihar political news: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर जीत के बाद जन सुराज पार्टी के हौसले बुलंद हैं। अब पार्टी विधान परिषद की 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कई सीटों पर संभावित प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो चुके हैं, जबकि कुछ सीटों पर अभी अंतिम मंथन चल रहा है।
बताया जा रहा है कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद अलग-अलग विधान परिषद क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इन दौरों के जरिए संभावित उम्मीदवारों की राजनीतिक पकड़, संगठन में सक्रियता और क्षेत्र में उनकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अब तक पांच क्षेत्रों का दौरा पूरा हो चुका है, जबकि तीन क्षेत्रों का दौरा बाकी है।
पार्टी की ओर से सभी आठ क्षेत्रों का दौरा पूरा होने के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने की संभावना है।
दिव्या ज्योति की एंट्री से पटना शिक्षक सीट पर बढ़ी हलचल
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच डॉक्टर दिव्या ज्योति का जन सुराज में शामिल होना भी चर्चा का विषय बन गया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
दिव्या ज्योति को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि उन्होंने खुद साफ किया है कि उन्हें अभी चुनाव लड़ने का कोई आश्वासन नहीं मिला है। उनका कहना है कि वह प्रशांत किशोर के नेतृत्व में काम करने के उद्देश्य से पार्टी में शामिल हुई हैं।
सारण शिक्षक सीट पर अफाक अहमद के नाम की चर्चा
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा विधान पार्षद अफाक अहमद को एक बार फिर मौका दिए जाने की चर्चा है। वर्ष 2023 के उपचुनाव में अफाक अहमद ने 3,055 वोट हासिल कर आनंद पुष्कर को करीब 674 मतों से हराया था।
उस चुनाव में प्रशांत किशोर की ओर से उन्हें रणनीतिक समर्थन मिला था। चुनाव के बाद से अफाक अहमद जन सुराज के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
इस सीट की मतदाता सूची को लेकर भी जन सुराज की ओर से सवाल उठाए गए हैं। पार्टी ने कथित गड़बड़ियों का मुद्दा निर्वाचन आयोग के सामने उठाने की बात कही है।
तिरहुत शिक्षक सीट पर दो नामों की चर्चा
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर भी जन सुराज की रणनीति सामने आती दिख रही है। पार्टी में मौजूदा विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी के नाम पर सहमति बनने की चर्चा है।
ब्रजवासी ने दिसंबर 2024 में हुए तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी। उन्हें 23,003 वोट मिले थे। उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. विनायक गौतम को 10,195 मतों से पीछे छोड़ा था।
हालांकि तिरहुत शिक्षक सीट के लिए भूषण झा के नाम पर भी पार्टी के भीतर विचार किए जाने की बात सामने आ रही है।
इन सीटों पर भी संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में
जन सुराज की संभावित सूची में अन्य क्षेत्रों के नाम भी सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक—
• कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन के नाम की चर्चा है।
• दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश प्रसाद राय के नाम पर सहमति बनने की बात कही जा रही है।
पार्टी सूत्रों का दावा है कि अगले चार से पांच दिनों में सभी संभावित उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लेकर औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
उम्मीदवारों के साथ वोटर लिस्ट पर भी नजर
जन सुराज की रणनीति केवल उम्मीदवारों के चयन तक सीमित नहीं दिखाई दे रही है। पार्टी विधान परिषद चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर भी सक्रिय है।
हालांकि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची राजनीतिक दल या प्रत्याशी तैयार नहीं करते। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) पात्र मतदाताओं से आवेदन लेते हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाती है।
इसके बाद राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को सूची की जांच कर दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार होता है। प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाती है। मतदान का अधिकार इसी अंतिम सूची में शामिल पात्र मतदाताओं को मिलता है।
8 सीटों पर फोकस, संगठन मजबूत करने की कोशिश
विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज की सक्रियता से साफ है कि पार्टी अपनी राजनीतिक पकड़ को विधानसभा से आगे भी मजबूत करना चाहती है। संभावित उम्मीदवारों की तलाश, क्षेत्रवार दौरे, संगठन को सक्रिय करने और मतदाता सूची पर नजर रखने के जरिए पार्टी चुनावी जमीन तैयार करने में जुटी है।







