बिहार के शिक्षकों को बड़ी राहत! ‘कोर्ट जाने की जरूरत नहीं’, Teacher Transfer पर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान...
BPSC TRE-4: बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर से जुड़े विवाद के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के किसी भी शिक्षक को अपनी समस्या के समाधान के लिए कोर्ट जाने की जरूरत नहीं है। शिक्षा विभाग शिक्षकों की समस्याओं का संवाद के जरिए समाधान निकालने के लिए हमेशा तैयार है।

दरभंगा में कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि अगर ट्रांसफर या विभाग से जुड़ा कोई भ्रम अथवा समस्या है, तो वे सीधे विभाग से संपर्क करें और अपनी बात रखें।
ट्रांसफर मामले पर अगली सुनवाई में स्थिति होगी स्पष्ट
शिक्षकों के ट्रांसफर से जुड़े सवाल पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कुछ शिक्षक इस मामले को लेकर कोर्ट गए थे। उनकी याचिका पर सुनवाई हो चुकी है और अगली तारीख में मामले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेता है और सम्मान के साथ उनके समाधान के लिए तैयार है। उन्होंने दोहराया कि किसी शिक्षक को अपनी समस्या के लिए कोर्ट का रास्ता अपनाने की जरूरत नहीं है।
‘शिक्षक सीधे विभाग से करें संपर्क’
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यदि किसी शिक्षक को ट्रांसफर या विभागीय प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार का कन्फ्यूजन है, तो वे सीधे शिक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने के लिए उपलब्ध है। शिक्षकों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर अपनी बात विभाग के अधिकारियों तक पहुंचानी चाहिए।
TRE-4 को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने दिया बड़ा अपडेट
शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर भी मिथिलेश तिवारी ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए गए हैं और परीक्षा नेगेटिव मार्किंग के साथ आयोजित की जाएगी।
मंत्री के मुताबिक, परीक्षा का पाठ्यक्रम तैयार करने और प्रश्न पत्र बनाने की जिम्मेदारी बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की है। उन्होंने कहा कि TRE-4 को लेकर अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी और BPSC की ओर से आवेदन की तारीख भी घोषित की जाएगी।
मिथिलेश तिवारी ने कहा, “TRE-4 में छोटे-मोटे बदलाव हुए हैं। एक परीक्षा केवल उसका माइनस हुआ। एक परीक्षा निगेटिव मार्किंग में ही ली जाएगी। BPSC जल्द ही फॉर्म भरने की तिथि निकालेगा।”
दरभंगा में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी रविवार को दरभंगा में थे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
‘मन की बात’ को बताया अनेकता में एकता की पहचान
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए हर महीने के अंतिम रविवार का समय निर्धारित है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश की ‘अनेकता में एकता’ की पहचान है।
शिक्षा मंत्री के मुताबिक, देश के करोड़ों लोग प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को सुनते हैं। इससे लोगों को देश-दुनिया से जुड़ी नई जानकारियां मिलती हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
शिक्षकों और TRE-4 अभ्यर्थियों की नजर अधिसूचना पर
शिक्षकों के ट्रांसफर मामले पर शिक्षा मंत्री के बयान के बाद अब शिक्षकों की नजर कोर्ट की अगली सुनवाई पर रहेगी। वहीं TRE-4 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा की आधिकारिक अधिसूचना और आवेदन की तारीख का इंतजार है। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा नेगेटिव मार्किंग के साथ आयोजित की जाएगी।







