Movie prime

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: NDA में सबकुछ ठीक नहीं! सीट बंटवारे पर चिराग, मांझी और कुशवाहा नाराज़…

 
Bihar Vidhansabha Chunav 2025: NDA में सबकुछ ठीक नहीं! सीट बंटवारे पर चिराग, मांझी और कुशवाहा नाराज़…

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: दिल्ली में आज हुई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अहम बैठक के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बैठक के बाद जो संकेत मिल रहे हैं, वे बताते हैं कि गठबंधन के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और जेडीयू के कई सहयोगी दल सीट बंटवारे को लेकर असंतुष्ट हैं।

सबसे ज्यादा नाराजगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान की बताई जा रही है। वे अपनी मनचाही सीटों पर जोर दे रहे हैं, लेकिन बीजेपी की ओर से उन सीटों पर सख्त रुख अपनाया गया है। सूत्र बताते हैं कि जिन सीटिंग सीटों पर पहले से बीजेपी के प्रत्याशी हैं, वहां चिराग के दावों को खारिज कर दिया गया है।

इसी तरह, हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी भी सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग पर अड़े हैं। हालांकि बैठक में इस पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। मांझी चाहते हैं कि पिछली बार की तुलना में उन्हें अधिक सीटें दी जाएं, लेकिन बीजेपी और जेडीयू इस मांग पर फिलहाल राजी नहीं दिखे।

वहीं, राष्ट्रीय लोक जनतांत्रिक दल (RLJD) के नेता उपेंद्र कुशवाहा को मनाने की कोशिशें अभी भी जारी हैं। वे भी अपने लिए बेहतर सीटों की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू के शीर्ष नेता उनके साथ अलग से बातचीत कर रहे हैं ताकि गठबंधन में दरार न आए।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बिहार चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सीट बंटवारे का मामला सबसे बड़ा सिरदर्द बन गया है। अगर समय रहते सभी दलों को संतुष्ट नहीं किया गया, तो इसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ सकता है।

फिलहाल बीजेपी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह 2020 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन और वर्तमान जनाधार को ध्यान में रखकर ही सीटें बांटेगी। आने वाले कुछ दिनों में इस पर अंतिम फैसला होने की संभावना जताई जा रही है।