बिहार चुनाव: समस्तीपुर में अमित शाह का दो दिवसीय दौरा, 12 जिलों के कार्यकर्ताओं संग आज बनाएंगे जीत की रणनीति
समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत अपने चरम पर है। गृह मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं। पहले दिन उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक की, जबकि आज वे समस्तीपुर के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय सभागार में 12 जिलों के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।
अमित शाह का कार्यक्रम
शनिवार को सुबह 11:50 बजे अमित शाह सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से अभियंत्रण महाविद्यालय के समीप अस्थाई हेलीपैड पर उतरेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के बाद वे कारकेड के माध्यम से सभागार पहुंचेंगे।
• दोपहर 12 बजे से बैठक की शुरुआत होगी।
• करीब एक घंटे तक कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
• भोजनावकाश के बाद दोपहर 1:25 बजे शाह पुनः हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
जिले में शाह के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने साफ किया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति कोई वाहन या व्यक्ति प्रवेश नहीं करेगा।
• मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग: पतैली चौक से सुभाष चौक तक वाहनों का प्रवेश बंद।
• वैकल्पिक रास्ते: छोटे-बड़े वाहन दलसिंहसराय और खजुरी चौक के रास्ते डायवर्ट किए गए।
• ड्रॉप गेट: पतैली चौक, नरघोघी तालाब और सुभाष चौक पर लगाए गए हैं।
• विशेष तैनाती: नगर पंचायत भवन और अभियंत्रण महाविद्यालय मुख्य द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल की नियुक्ति।
भाजपा के दिग्गज नेता होंगे शामिल
अमित शाह की इस बैठक में भाजपा के कई बड़े चेहरे मौजूद रहेंगे।
• प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल
• उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
• वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा
• केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय
साथ ही संगठनात्मक जिलों के प्रभारी, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक और विस्तारक भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा और झंझारपुर समेत 12 जिलों के करीब 400 कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि शाह की यह सक्रियता भाजपा की चुनावी तैयारियों में नया जोश भरने और कार्यकर्ताओं को जीत की रणनीति देने के मकसद से है।







