Movie prime

बिहार चुनाव: कांग्रेस ने दी तेजस्वी को धमकी, 12 तक नहीं करोगे सीटों का फाइनल तो उतार देंगे अपने उम्मीदवार

 
Tejashwi and rahul

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर चल रहा है। महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर महासंग्राम छिड़ा हुआ है। कांग्रेस तेजस्वी यादव यानी आरजेडी के सामने आंखे तरेर रही है। सीधे तौर पर कांग्रेस ने आरजेडी को धमकी दी है।

राजद जल्द करे सीटों का फाइनल

सीट बंटवारे को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच बात नहीं बन पा रही है। कांग्रेस ने राजद को जल्द से जल्द सीट बंटवारे को फाइनल करने को कहा है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो 13 अक्टूबर से कांग्रेस अपने उम्मीदवारों को उतारना शुरू कर देगी। आज कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की ऑनलाइन बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों की सूची अंतिम रूप से तैयार की जाएगी। शनिवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति इस लिस्ट पर मुहर लगाएगी।

राजद को 12 अक्टूबर तक अल्टीमेटम

रविवार (12 अक्टूबर) को एक दिन के लिए सीटों के समझौते पर सहमति का इंतजार किया जाएगा। यदि उस समय तक बात नहीं बनी तो कांग्रेस पहले चरण वाले इलाकों में अपनी सीटों पर नामांकन शुरू कर देगी। एक दिवसीय बिहार दौरे पर आए कांग्रेस के नेता अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, जयराम रमेश, अधीर रंजन चौधरी की लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी से कल रात मुलाकात नहीं हो सकी।

इन सीटों पर फंसा है पेंच

कांग्रेस अपनी कुछ कमजोर सीटों के बदले में राजद से बिस्फी, बिहारशरीफ, निर्मली जैसी कुछ सीट मांग रही है लेकिन वह सहयोगी दलों की सीट हैं। इसी तरह राजद कांग्रेस से भागलपुर की कहलगांव सीट चाहती है लेकिन कांग्रेस ये सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। राजद वाम दलों की चार सीट मांग रही है। राजद माले की सिटिंग पालीगंज और घोसी के साथ तरारी सीट मांग रही है। माले ने इसके बदले में इमामगंज समेत राजद की तीन सीट पर दावा ठोक दिया है। भाकपा से रुपौली की सीट राजद मांग रही है, जबकि पिछली बार भाकपा यहां से लड़ी थी। इसी तरह माकपा की लड़ी हुई बछवाड़ा की सीट कांग्रेस मांग रही है।

मुकेश सहनी मांग रहे 20 सीटें

वहीं, दूसरी ओर मुकेश सहनी से देर रात हुई तेजस्वी यादव की मीटिंग में बात नहीं बनी है। 20 से कम सीट पर मुकेश सहनी राजी नहीं हैं, जबकि तीनों पार्टियां यानी वाम दल, राजद और कांग्रेस मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को 12 से 15 सीट से ज्यादा देने को तैयार नहीं हैं।