Newshaat_Logo

उपराष्ट्रपति से मिला बिहार चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल, उद्योग-व्यापार के विकास पर हुई अहम चर्चा

 
उपराष्ट्रपति से मिला बिहार चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल, उद्योग-व्यापार के विकास पर हुई अहम चर्चा
Political News: बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल के नेतृत्व में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से उनके नई दिल्ली स्थित आवासीय कार्यालय में मिला। इस दौरान बिहार के औद्योगिक विकास, व्यापारिक संभावनाओं और निवेश को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उपराष्ट्रपति ने बिहार में उद्योग और व्यापार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा राज्य में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का भरोसा भी दिया।

चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने उपराष्ट्रपति को बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उपराष्ट्रपति ने इस आमंत्रण का सकारात्मक स्वागत करते हुए जल्द ही अपनी औपचारिक सहमति देने का आश्वासन दिया।

इसी क्रम में चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से भी मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुई बैठक में जल जीवन मिशन, जल शक्ति अभियान और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में जल संरक्षण और पेयजल से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर के उपाध्यक्ष एन.के. ठाकुर एवं विशाल टेकरीवाल, महामंत्री मुकेश कुमार जैन, पूर्व अध्यक्ष सुभाष पटवारी और कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार भी शामिल थे।

चैम्बर की इस मुलाकात को बिहार के उद्योग, व्यापार और आधारभूत विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।