Movie prime

नवनियुक्त राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिले सीएम नीतीश कुमार, पूर्व राज्यपाल अर्लेकर के विदाई समारोह में हुए शामिल

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली से बिहार लौट चुके हैं। पटना पहुंचते ही सीएम नीतीश राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलने राजभवन पहुंचे। सीएम नीतीश कुमार ने शॉल भेंट किया। वहीं राज्यपाल ने भी उनका स्वागत किया और शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट की। इस दौरान पूर्व राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी मौजूद रहे। सीएम और नये राज्यपाल की यह मुलाकात औपचारिक थी।

इसके बाद सीएम नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पहुंचे। स्टेट हैंगर पर आयोजित बिहार के पूर्व राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर के विदाई समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व राज्यपाल को पुष्प गुच्छ भेंटकर सप्रेम विदा किया और नई जिम्मेवारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह में बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम, गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना जिला के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बता दें कि बीते 24 दिसंबर को केंद्र सरकार ने बिहार सहित कई राज्यों के राज्यपाल को बदल दिया था। केरल के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया था। वहीं बिहार के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को केरल का गवर्नर नियुक्त किया गया था। इसी तरह जनरल विजय कुमार सिंह को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वहीं ओडिशा के राज्यपाल को भी बदल दिया गया था।

वहीं डॉ. हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा का गवर्नर बनाया गया था। अजय कुमार भल्ला को मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के राज्यपाल पद से रघुबर दास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। पूर्व आर्मी चीफ वीके सिंह को मणिपुर का गवर्नर बनाया गया था जबकि डॉ. विजय कुमार सिंह को मिजोरम के राज्यपाल बनाया गया था। बिहार के नए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दो जनवरी को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।