Movie prime

समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण में दरभंगा पहुंचे सीएम नीतीश, 138 करोड़ की योजनाओं की सौगात

 
Political news

Darbhanga News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण में दरभंगा पहुंचे। हवाई अड्डे पर उतरते ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इस दौरे का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों की प्रगति को मौके पर देखकर उसे और तेज करना है।

मुख्यमंत्री दरभंगा में 105 करोड़ रुपये की लागत से 50 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 33 करोड़ रुपये से बनी 40 योजनाओं का उद्घाटन कर आम लोगों को बड़ी सौगात देंगे।

अंतरराज्यीय बस स्टैंड का लिया जायजा

सीएम नीतीश कुमार का पहला दौरा दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टैंड रहा। यह बस पड़ाव करीब 88.78 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने काम की रफ्तार और गुणवत्ता की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिसंबर 2027 तक हर हाल में काम पूरा किया जाए।

यहां समृद्धि यात्रा के तहत घोषित 11 प्रमुख योजनाओं के मॉडल और प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए थे, जिन्हें मुख्यमंत्री ने ध्यान से देखा।

सड़क और हवाई अड्डा परियोजनाओं की समीक्षा

इसके बाद मुख्यमंत्री आमस–दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों को साफ कहा गया कि गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

सीएम ने दरभंगा हवाई अड्डे पर निर्माणाधीन सिविल एन्क्लेव और नए टर्मिनल भवन का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि टर्मिनल भवन का ढांचा एक महीने में तैयार हो जाएगा। वहीं, मार्च तक ‘कैट-टू’ लाइटिंग सिस्टम पूरा होते ही रात में विमानों की लैंडिंग शुरू हो सकेगी, जिससे मिथिलांचल के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

जनता और अफसरों से सीधा संवाद

मुख्यमंत्री का काफिला नागेंद्र झा स्टेडियम पहुंचा, जहां विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां जिला स्तरीय समीक्षा बैठक भी होगी। बैठक में अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि विकास कार्यों में देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। समृद्धि यात्रा के जरिए सीएम नीतीश कुमार ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता विकास और जनता से सीधा संवाद है।