बिहार की सियासत में हलचल: CM नीतीश कुमार ने की केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात, 15 मिनट बंद कमरे में हुई बातचीत
Patna: बिहार की राजनीति में अचानक हलचल मच गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिना किसी पूर्व कार्यक्रम के केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह के घर पहुंच गए। वहां दोनों नेताओं के बीच लगभग 15 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज़ कर दिया है।
सीट बंटवारे से लेकर संगठन तक चर्चा
सूत्रों की मानें तो मुलाकात में राज्य की मौजूदा राजनीति, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बात हुई। खासकर, एनडीए के अंदर सीट बंटवारे को लेकर भी गहन चर्चा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
आधिकारिक बयान नहीं, लेकिन अटकलें तेज़
दोनों नेताओं ने इस मुलाकात पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि हाल के दिनों में एनडीए के भीतर समीकरणों को लेकर उठ रहे सवालों और विपक्ष की आक्रामक रणनीति को देखते हुए यह मुलाकात बेहद अहम है।
नीतीश-ललन की नज़दीकियों पर नज़र
यह कोई पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार और ललन सिंह चुनावी रणनीति पर चर्चा करते दिखे हों। लेकिन इस बार मुलाकात का समय और गोपनीय अंदाज़ इसे और अहम बना देता है। राजनीतिक जानकार इसे “चुनावी होमवर्क की शुरुआत” बता रहे हैं।
विपक्ष की बढ़ती सक्रियता के बीच मीटिंग
इधर, विपक्ष महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा को लगातार विस्तार देने में जुटा है। ऐसे माहौल में नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि एनडीए अपनी तैयारियों को मज़बूत करने में जुट गया है।







