Movie prime

समृद्धि यात्रा में आज मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे सीएम नीतीश, 850 करोड़ की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

 
समृद्धि यात्रा में आज मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे सीएम नीतीश, 850 करोड़ की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

Muzaffarpur News:  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शुक्रवार को समृद्धि यात्रा के तहत मुजफ्फरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात देंगे। करीब 850 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री इन दिनों समृद्धि यात्रा के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं। बीते दिन उन्होंने सीवान में विकास कार्यों की शुरुआत की थी। आज उसी क्रम में उनका मुजफ्फरपुर दौरा प्रस्तावित है।

हेलीपैड से सीधे विकास स्थलों का निरीक्षण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर अहियापुर थाना क्षेत्र के बखरी स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वे सड़क मार्ग से बखरी चौक पहुंचेंगे। यहां चल रही विकास योजनाओं का जायजा लेंगे और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे।

बाजार समिति परिसर में होगा मुख्य कार्यक्रम

इसके बाद मुख्यमंत्री बाजार समिति परिसर पहुंचेंगे, जहां मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर वे कई नए भवनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बड़ी योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

समृद्धि यात्रा के इस पड़ाव से मुजफ्फरपुर को कई नई परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।