Newshaat_Logo

बिहार में 25 लाख घरों पर लगेंगे सोलर पैनल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की कई बड़ी घोषणाएं

Patna:राज्य में हाल ही में 211 नए डिग्री कॉलेजोंमें एक साथ पढ़ाई शुरू कराई गई है. अगले दस दिनों में सभी कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. इसके लिए 3,000 संविदा प्रोफेसरों की नियुक्तिकी प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
 
bihar

Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के गरीब और वंचित परिवारों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं. उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2027 से पहले राज्य के एक करोड़ बीपीएल परिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा. साथ ही 25 लाख परिवारों के घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाकर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है.

bihar

मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच, बिहार एवं वंशी चाचा सामाजिक विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

bihar

जनता की सरकार, विकास सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में किसी व्यक्ति या गठबंधन की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है. सरकार का हर मंत्री और विधायक जनसेवक है तथा सरकार का प्रत्येक दिन और प्रत्येक घंटा राज्य के विकास और जनता की सेवा के लिए समर्पित है.

bihar

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है.

उन्होंने बताया कि राज्य में हाल ही में 211 नए डिग्री कॉलेजों में एक साथ पढ़ाई शुरू कराई गई है. अगले दस दिनों में सभी कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. इसके लिए 3,000 संविदा प्रोफेसरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.

सहयोग पोर्टल पर 5.83 लाख आवेदन

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल के माध्यम से अब तक 5.83 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.33 लाख मामलों का निष्पादन किया जा चुका है.

उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है. अब तक 9,000 अधिकारियों को पहला नोटिस, 350 अधिकारियों को दूसरा नोटिस और 4 अधिकारियों को तीसरा नोटिस जारी किया गया है. सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक आवेदन का निपटारा 30 दिनों के भीतर किया जाए.

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जो बिजली उपभोक्ताओं को सबसे अधिक सब्सिडी दे रहा है. राज्य के 1.90 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ताओं में से 1.70 करोड़ उपभोक्ताओं को पिछले एक वर्ष से 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है.

उन्होंने कहा कि जो परिवार हर महीने 125 यूनिट या उससे कम बिजली की खपत करेंगे, उन्हें सरकार की ओर से बधाई पत्र भी भेजा जाएगा.

पलवैया धाम और सड़क परियोजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पलवैया धाम स्थित बाबा गणिनाथ जी महाराज मंदिर के समग्र विकास के लिए आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहण किया जाएगा और हरसंभव सरकारी सहायता दी जाएगी.

इसके अलावा अगले पांच वर्षों में मरीन ड्राइव के माध्यम से पलवैया धाम तक सड़क संपर्क विकसित किया जाएगा. वहीं सोनपुर से राघोपुर पुल होते हुए मोकामा तक गंगा अंबिका पथ विकसित करने की भी योजना है.

गरीबों की जमीन वापस दिलाने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और कमजोर परिवारों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों की पहचान कर उनकी जमीन वापस दिलाई जाएगी. उन्होंने अतिपिछड़ा समाज को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

सामाजिक सुरक्षा और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में विकास की गति तेज हुई है और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है. उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रत्येक महीने की 10 तारीख को 1.12 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पेंशन की राशि हस्तांतरित की जाती है.

कार्यक्रम को पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संबोधित किया. समारोह के दौरान आयोजकों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और फूल-मालाओं से स्वागत किया. कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, कानू-हलवाई समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.