बिहार केसरी' डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर प्रदेश संजय सरावगी ने किया नमन, बोले- आधुनिक बिहार के निर्माण में श्री बाबू का योगदान अविस्मरणीय
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनकी पावन स्मृति को नमन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बिहार के विकास में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी और राज्य को आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और कार्य आज भी बिहार के विकास के लिए प्रासंगिक हैं।
सरावगी ने कहा कि श्री बाबू का योगदान केवल बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उन्होंने सामाजिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में बिहार ने औद्योगिक विकास, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उनका जीवन जनकल्याण और राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों को आत्मसात कर विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार केसरी की जयंती हमें उनके विचारों और मूल्यों को स्मरण करने के साथ-साथ बिहार के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध होने का संदेश देती है। उनके योगदान और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।







