Movie prime

Bihar Election 2025: तेज प्रताप यादव बोले – “मुझे मरवा देंगे…”, मिली Y+ कैटेगरी की सुरक्षा, कहा- सब दुश्मन लगे हुए हैं

 
Bihar Election 2025: तेज प्रताप यादव बोले – “मुझे मरवा देंगे…”, मिली Y+ कैटेगरी की सुरक्षा, कहा- सब दुश्मन लगे हुए हैं

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे अपने निर्णायक दौर में पहुंच रहे हैं, सियासी हलचल भी तेज होती जा रही है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है, और कुछ ही घंटों में प्रचार पर चुनाव आयोग की पाबंदी लग जाएगी। इसी बीच, जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव सुर्खियों में आ गए हैं।

दरअसल, तेज प्रताप यादव को केंद्र सरकार की ओर से Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह सुरक्षा उन्हें गृह मंत्रालय के आदेश पर दी गई है, जिसके तहत सीआरपीएफ के 11 कमांडो हर वक्त उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

“मुझे खतरा है, ये लोग मुझे मरवा देंगे”

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा- “मेरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि मुझे खतरा है। ये लोग मुझे मरवा भी देंगे। सब दुश्मन लगे हुए हैं।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला लिया। तेज प्रताप के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।

पहले भी जताई थी जान को खतरे की आशंका

यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। जून 2025 में भी उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि कुछ लोग उनके निजी जीवन को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। उसी दौरान उन्होंने सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की थी।

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव इन दिनों न तो राजद में हैं और न ही अपने परिवार के करीब। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार, दोनों से दूरी बना ली थी।

“जयचंदों ने साजिश रची”

तेज प्रताप ने बाद में जनशक्ति जनता दल (JJD) नाम से अपनी नई पार्टी बनाई और अब उसी पार्टी के टिकट पर महुआ विधानसभा क्षेत्र से मैदान में हैं। वे अक्सर अपने बयानों में ‘जयचंदों’ पर हमला बोलते हैं और दावा करते हैं कि कुछ लोगों ने साजिश कर उन्हें परिवार से अलग किया।

क्या होती है Y+ सुरक्षा श्रेणी?

भारत में दी जाने वाली Y+ सुरक्षा एक उच्चस्तरीय सुरक्षा श्रेणी है। इसमें कुल 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं:
    •    1 या 2 NSG या CRPF/CISF के प्रशिक्षित कमांडो
    •    4–5 सशस्त्र पुलिसकर्मी जो आवास पर तैनात रहते हैं
    •    4–5 सुरक्षाकर्मी एस्कॉर्ट और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में 24 घंटे ड्यूटी करते हैं।

यह सुरक्षा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और RAW की थ्रेट रिपोर्ट के आधार पर दी जाती है।