Movie prime

Bihar Election 2025: तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान- “मर जाऊंगा लेकिन दोबारा RJD में नहीं जाऊंगा”

चुनावी प्रचार थमने से पहले तेज प्रताप ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मान-सम्मान के लिए जिए हैं, अब अपनी राह खुद तय कर ली है
 
Bihar Election 2025: तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान- “मर जाऊंगा लेकिन दोबारा RJD में नहीं जाऊंगा”

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। चुनावी शोर अब थम गया है, लेकिन जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के एक बयान ने सियासी हलचल मचा दी है। तेज प्रताप ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि अब वे “मरना पसंद करेंगे लेकिन दोबारा राजद में नहीं जाएंगे।”

तेज प्रताप बोले- स्वाभिमान से समझौता नहीं करूंगा

चुनावी प्रचार के आखिरी दिन एक चैनल से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने अपने परिवार और राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा- “एक समय था जब मान-सम्मान मिलता था। कोई भी इंसान मान-सम्मान के लिए जीता है और उसी के लिए मरता है। अब हम अपनी राह पर निकल चुके हैं और इसी रास्ते पर आगे बढ़ना है।”

तेज प्रताप ने साफ कहा कि उनके माता-पिता का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है, लेकिन राजनीतिक रास्ता अब अलग हो चुका है। उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक समझौता नहीं करेंगे, चाहे कीमत कुछ भी क्यों न चुकानी पड़े।

“मरना कबूल, RJD में जाना नहीं” — तेज प्रताप का दो टूक जवाब

तेज प्रताप यादव ने कहा कि परिवार का सम्मान अपनी जगह है और राजनीति अपनी। “अब कभी नहीं। हम मरना कबूल करेंगे लेकिन दोबारा RJD में जाना नहीं कबूल करेंगे।”

राघोपुर और महुआ की सीटों पर अपने भाई तेजस्वी यादव से सीधे मुकाबले को लेकर तेज प्रताप ने कहा कि राजनीति में मुकाबला स्वाभाविक है। उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा- “जब तेजस्वी ने महुआ में हेलीकॉप्टर उतारा तो हमने भी राघोपुर में दो-दो बार उतारा। अगर वो महुआ नहीं जाते तो हम भी राघोपुर नहीं जाते।”

लालू यादव ने किया था छह साल के लिए निष्कासित

बता दें, लालू प्रसाद यादव ने कुछ महीने पहले तेज प्रताप यादव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई थी। इसके बाद तेज प्रताप ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) की स्थापना की और महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

दूसरी ओर, तेजस्वी यादव अपनी पारंपरिक सीट राघोपुर से मैदान में हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों भाई अब एक-दूसरे के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से चुनावी जंग लड़ रहे हैं एक महुआ में, तो दूसरा राघोपुर में।

11 नवंबर को होगा आखिरी चरण का मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान कल यानी 11 नवंबर को होगा। बीते रविवार को शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। तीन चरणों में हो रहे इस चुनाव में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब जनता के फैसले का इंतज़ार है, जो 14 नवंबर को मतगणना के साथ साफ होगा।