Newshaat_Logo

बिहार चुनावी जंग: तेजस्वी पर विजय सिन्हा का पलटवार, राजद-कांग्रेस को बताया “घुसपैठियों का संरक्षक”

 
बिहार चुनावी जंग: तेजस्वी पर विजय सिन्हा का पलटवार, राजद-कांग्रेस को बताया “घुसपैठियों का संरक्षक”

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव नज़दीक आते ही सियासी हमले तेज़ हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बिहार दौरे पर कांग्रेस और राजद पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाने के बाद अब डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भी मोर्चे पर उतर आए हैं। उन्होंने शुक्रवार को विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस मिलकर देश में घुसपैठियों को बढ़ावा देने का काम कर रही हैं।

राजद-कांग्रेस पर “घुसपैठियों को बढ़ाने” का आरोप

विजय सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे देश को “धर्मशाला” बनाने की कोशिश की और अब राजद उसी रास्ते पर चल रहा है। उनका कहना था कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव भ्रष्टाचार और जातिवाद को बढ़ावा देकर बिहार को पीछे धकेल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने की साजिश कर रहा है।

“चुनाव में पिकनिक मनाने आते हैं कांग्रेस नेता”

पटना में होने वाली कांग्रेस CEC की बैठक को लेकर भी विजय सिन्हा ने तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावी मौसम में केवल “पिकनिक मनाने” बिहार आते हैं। सत्ता में रहकर दशकों तक राजनीति को “जागीर” मानने वाली कांग्रेस-राजद अब भी परिवारवाद और जमींदारी की राजनीति कर रही है, लेकिन बिहार की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

तेजस्वी के रोजगार वाले वादे पर तंज

तेजस्वी यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने हर डिग्रीधारी को रोजगार देने का वादा किया था, विजय सिन्हा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जो लोग नौकरी के नाम पर जमीन लिखवाते थे, जो बिहारी शब्द को गाली बनाने का काम करते थे, वही अब रोजगार देने की बात कर रहे हैं। यह जनता को गुमराह करने की कोशिश है।”

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

विजय सिन्हा ने राहुल गांधी पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अदालत में बार-बार गलत आरोप लगाते हैं और माफी मांगकर फिर वही काम दोहराते हैं। “जनता के विश्वास पर खरा उतरने की उनकी न तो क्षमता है और न ही जिम्मेदारी की समझ,” विजय सिन्हा ने कहा।