Movie prime

बिहार चुनाव 2025: सीट बंटवारे पर एनडीए में खींचातानी, चिराग पासवान से बीजेपी नेताओं की अहम बैठक

 
बिहार चुनाव 2025: सीट बंटवारे पर एनडीए में खींचातानी, चिराग पासवान से बीजेपी नेताओं की अहम बैठक

Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब सारा ध्यान सीट बंटवारे और उम्मीदवार चयन पर केंद्रित हो गया है। एक ओर महागठबंधन के नेता दावा कर रहे हैं कि सीट शेयरिंग लगभग तय हो चुकी है और दो-तीन दिनों में घोषणा हो जाएगी, वहीं एनडीए में मतभेद अभी भी सुलझे नहीं हैं।

एनडीए में घमासान, घटक दलों की नाराज़गी बरकरार

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अपने घटक दलों को मनाने में जुटी है। मंगलवार को दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जहां बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और राज्य मंत्री मंगल पांडे ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान से मुलाकात की। बैठक करीब 40 मिनट तक चली, जिसमें सीट बंटवारे और गठबंधन के भीतर तालमेल पर चर्चा हुई।

चिराग पासवान की शर्तें

बैठक में चिराग पासवान ने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी को लोकसभा चुनाव में जीती गई पांच सीटों और 2020 विधानसभा में मिले वोट प्रतिशत के आधार पर सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग रखी कि हर जीती हुई लोकसभा सीट से कम से कम दो विधानसभा सीटें लोजपा(रा) के खाते में दी जाएं। बीजेपी नेताओं ने उन्हें आश्वासन दिया है कि इन मांगों पर पार्टी स्तर पर चर्चा की जाएगी और जल्द निर्णय लिया जाएगा।

पटना में समर्थकों का जोश, “सीएम कैसा हो, चिराग पासवान जैसा हो”

बैठक के बाद देर रात चिराग पासवान पटना लौटे, जहां एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान “बिहार का सीएम कैसा हो, चिराग पासवान जैसा हो” के नारे गूंजते रहे।
मीडिया से बातचीत में चिराग ने कहा-“अभी बातचीत की शुरुआती प्रक्रिया चल रही है, जब तक चीजें फाइनल नहीं हो जातीं, कुछ भी बताने का कोई मतलब नहीं। सही समय पर सब कुछ सामने आ जाएगा।”

मांझी भी अड़े, बीजेपी के माथे पर पसीना

एनडीए के भीतर सिर्फ चिराग ही नहीं, बल्कि हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी भी अपनी मांगों पर अड़े हैं। मांझी 15 सीटें, जबकि चिराग 30 सीटें मांग रहे हैं। दोनों को साधना अब बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बीजेपी नेतृत्व लगातार दोनों नेताओं से बातचीत कर रहा है ताकि गठबंधन में दरार न पड़े।

दो-तीन दिनों में होगा फाइनल ऐलान

सूत्रों के अनुसार, एनडीए में सीट शेयरिंग पर अगले 48 से 72 घंटे में अंतिम निर्णय हो सकता है। उसके बाद औपचारिक ऐलान दिल्ली या पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया जाएगा।
वहीं, महागठबंधन की ओर से भी संकेत हैं कि उम्मीदवारों की लिस्ट और सीट बंटवारा जल्द घोषित होगा।

10 अक्टूबर को पहले चरण की अधिसूचना जारी होगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
बिहार की सियासत अब सीटों के इस गणित पर टिकी है, जो आने वाले दिनों में पूरे चुनावी समीकरण को तय करेगा।