Newshaat_Logo

बिहार चुनाव 2025: भाजपा का मास्टरस्ट्रोक, बड़े चेहरे उतरेंगे मैदान में, जानिए किसका नाम है शामिल…

 
बिहार चुनाव 2025: भाजपा का मास्टरस्ट्रोक, बड़े चेहरे उतरेंगे मैदान में, जानिए किसका नाम है शामिल…

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने इस बार अपना दांव बड़ा खेलने का मन बना लिया है। पार्टी की रणनीति साफ है, लोकसभा के दिग्गज चेहरे अब विधानसभा चुनावी मैदान में उतरेंगे, ठीक वैसे ही जैसे मध्य प्रदेश में हुआ था।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने इस बार दो केंद्रीय मंत्री और दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी कर ली है। इतना ही नहीं, प्रदेश के कई कद्दावर नेताओं को भी विधानसभा टिकट देकर मैदान में भेजने का ब्लूप्रिंट तैयार हो चुका है।

राघोपुर में सबसे बड़ा हाईवोल्टेज मुकाबला

पटना की राजनीति का सबसे चर्चित इलाका-राघोपुर। यहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूदा विधायक हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ एक बड़ा चेहरा उतारने का फैसला लिया है। जानकारी है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी होंगे।

राय का स्थानीय कनेक्शन और केंद्र में मंत्री पद का प्रभाव, दोनों ही फैक्टर तेजस्वी यादव के लिए चुनौती साबित हो सकते हैं। इस सीट पर मुकाबला अब हाईवोल्टेज होने वाला है।

बेगूसराय में उतरेगा भाजपा का फायरब्रांड चेहरा

बेगूसराय, जो भाजपा का गढ़ माना जाता है, वहां से इस बार केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह को विधानसभा चुनाव लड़ाने की तैयारी है।

भूमिहार वोट बैंक और उनकी विवादित मगर प्रभावशाली छवि भाजपा को यहां मजबूती दे सकती है। बेगूसराय की सीट अब सिर्फ विधानसभा चुनाव का हिस्सा नहीं रहेगी, बल्कि पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनेगी।

दानापुर: रीटलाल यादव बनाम रामकृपाल यादव

पटना की दानापुर सीट भी इस बार खास होगी। यहां भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। फिलहाल यह सीट राजद के रीटलाल यादव के कब्जे में है।
रीटलाल अपनी दबंग छवि के लिए जाने जाते हैं, हालांकि फिलहाल जेल में हैं। ऐसे में यह मुकाबला और दिलचस्प होगा, क्योंकि मैदान में भाजपा का बड़ा यादव चेहरा उतर रहा है।

भागलपुर में अश्विनी चौबे की एंट्री

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को भागलपुर से चुनाव लड़ाया जाएगा। हालांकि चौबे अपने बेटे को टिकट दिलाना चाहते थे, लेकिन पार्टी हाईकमान ने साफ संकेत दे दिया कि सीट पिता के खाते में ही जाएगी। भागलपुर में भाजपा चौबे के नाम और पुराने वोट बैंक पर दांव खेलेगी।

दो और बड़े नेता भी मैदान में

भाजपा सिर्फ केंद्रीय मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों तक ही सीमित नहीं है। पार्टी ने अपने दो और बड़े नेताओं को भी विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम शामिल है।

दोनों नेता अभी MLC हैं और पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल दोनों की नजर पटना की कुम्हरार सीट पर है, जो भाजपा की सेफ सीट मानी जाती है। लेकिन पार्टी की सोच कुछ और है।
    •    मंगल पांडे को उनके गृहक्षेत्र सिवान से लड़ने का संकेत दिया गया है।
    •    सम्राट चौधरी को उनके क्षेत्र खगड़िया से उतारने की तैयारी है।

क्यों तलाश रहे हैं ‘सेफ सीट’?

दरअसल, सम्राट चौधरी पिछली बार विधानसभा चुनाव राजद के टिकट पर जीते थे। भाजपा में आने के बाद यह उनका पहला बड़ा चुनाव होगा। ऐसे में वे किसी भी जोखिम से बचना चाहते हैं।

वहीं, मंगल पांडे अब तक कभी विधानसभा का चुनाव नहीं लड़े हैं। वह सिर्फ MLC रहकर ही मंत्री बने रहे। पार्टी चाहती है कि उनकी लोकप्रियता को जनता के बीच परखा जाए।