बिहार चुनाव 2025: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान- “जनता ने आधा जनादेश दे दिया है, अब विकास के नाम पर वोट पड़ेगा”
Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम प्रचार दिवस पर उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने आधा जनादेश पहले ही दे दिया है, अब शेष वोट विकास के नाम पर NDA के पक्ष में पड़ेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता ने देखा है कि कैसे पिछले 55 सालों तक कुछ लोगों ने केवल लूट और घोटाले किए। उन्होंने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा- “इन लोगों ने चारा खाया, अलकतरा घोटाला किया, और अब फिर से जनता को गुमराह करने की कोशिश में हैं।”
आरक्षण पर तेजस्वी यादव के बयान का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव अब 200 प्रतिशत आरक्षण की बात कर रहे हैं, जबकि उनके माता-पिता बताएं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितना आरक्षण दिया था।
उन्होंने आगे कहा कि जब भी आरक्षण का मुद्दा उठा, भाजपा हमेशा उसके समर्थन में खड़ी रही। लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा- “याद कीजिए, जब महिला आरक्षण बिल लाया गया था, तब लालू जी ने खुद उसे फाड़ दिया था। यही इनकी असलियत है, ये लोग आरक्षण विरोधी हैं।”
सम्राट चौधरी ने जनता से अपील की कि वे राज्य के विकास और स्थिर सरकार के लिए NDA प्रत्याशियों को वोट दें ताकि बिहार आगे बढ़ता रहे।







