Movie prime

बिहार चुनाव 2025: सीट बंटवारे में उलझा एनडीए और महागठबंधन, 10 अक्टूबर को राजद संसदीय बोर्ड की अहम बैठक

 
बिहार चुनाव 2025: सीट बंटवारे में उलझा एनडीए और महागठबंधन, 10 अक्टूबर को राजद संसदीय बोर्ड की अहम बैठक

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव में पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी, जबकि 14 नवंबर को मतगणना के साथ नतीजे तय करेंगे कि बिहार की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

लेकिन चुनावी एलान के तीन दिन बाद भी एनडीए और महागठबंधन दोनों ही अपने सीट बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप नहीं दे पाए हैं। दोनों गठबंधनों के भीतर लगातार बैठकों का दौर जारी है, पर सहमति अब तक नहीं बन सकी है।

10 अक्टूबर को राजद संसदीय बोर्ड की बैठक

इस बीच राजद ने 10 अक्टूबर को अपनी संसदीय बोर्ड की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक पार्टी मुख्यालय में होगी और इसमें राज्य संसदीय बोर्ड के साथ केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य भी शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में प्रत्याशियों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उम्मीदवारों के नामों को लेकर अंतिम फैसला करेंगे।

सूत्रों का दावा है कि इस बार पार्टी करीब दो दर्जन विधायकों का टिकट काटने जा रही है। कुछ सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा, जबकि कुछ सीटें सहयोगी दलों को छोड़ी जा सकती हैं।

लालू-तेजस्वी करेंगे प्रत्याशियों की घोषणा

राजद के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि प्रत्याशियों की फाइनल सूची लालू प्रसाद यादव को सौंपी जाएगी और वे ही आधिकारिक रूप से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगे। पार्टी के भीतर इस बात पर भी चर्चा चल रही है कि अगर महागठबंधन सत्ता में आता है तो तीन उपमुख्यमंत्रियों का फार्मूला लागू किया जाएगा- एक दलित, एक मुस्लिम और एक अति पिछड़े वर्ग से।

सीट बंटवारे के संभावित फॉर्मूले के अनुसार,
    •    राजद लगभग 125 सीटों पर मैदान में उतरेगी,
    •    कांग्रेस को 50 से 55 सीटें,
    •    वाम दलों को 25 सीटें मिलने की संभावना है।
शेष 38 सीटें वीआईपी, झामुमो और लोजपा (पारस गुट) जैसे सहयोगी दलों के बीच बांटी जा सकती हैं|

राबड़ी आवास पर कांग्रेस नेताओं की मुलाकात

वहीं, 9 अक्टूबर यानी आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी ऑब्जर्वर शाम 4 बजे राबड़ी आवास पहुंचेंगे, जहां वे लालू यादव से मुलाकात कर सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे। यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि कांग्रेस और राजद के बीच कुछ सीटों को लेकर अब भी सहमति नहीं बनी है।

कल से शुरू होगा नामांकन, बढ़ा दबाव

उधर, कल यानी 10 अक्टूबर से पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तय है। ऐसे में अब दोनों गठबंधनों पर जल्द से जल्द उम्मीदवारों की घोषणा करने का दबाव बढ़ गया है। जहां तेजस्वी यादव महागठबंधन में फंसे पेंच सुलझाने में लगे हैं, वहीं एनडीए में भी चिराग पासवान और जीतनराम मांझी को साधने की कवायद जारी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर जदयू नेताओं की बड़ी बैठक बुलाई है, जबकि दूसरी ओर चिराग पासवान ने भी पार्टी मुख्यालय में आपात बैठक कर ली है।

सियासी हलचल चरम पर

चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही बिहार की राजनीति फिर उसी पुराने रंग में लौट आई है- जहां हर पार्टी अपने उम्मीदवारों और गठबंधन समीकरणों के हिसाब से आखिरी मिनट तक सियासी गणित बिठाने में लगी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार की देरी सिर्फ सीट बंटवारे की नहीं, बल्कि रणनीति और वर्चस्व की लड़ाई है- जो 2025 की बिहार विधानसभा की तस्वीर तय करेगी।