Bihar chunav 2025: एनडीए और महागठबंधन दोनों में सीट बंटवारे पर सस्पेंस बरकरार, आज होगी आरजेडी संसदीय बोर्ड की अहम बैठक
Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का शंखनाद हो चुका है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। लेकिन चुनावी कैलेंडर तय हो जाने के बावजूद अब तक न तो एनडीए में सीट बंटवारे का एलान हुआ है और न ही महागठबंधन में कोई अंतिम समझौता सामने आया है। दोनों ही गठबंधन अपने अंदरूनी समीकरणों में उलझे नजर आ रहे हैं।
आरजेडी की अहम बैठक आज, टिकट कटौती की तैयारी में तेजस्वी
इसी बीच आज यानी 10 अक्टूबर को आरजेडी संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग से लेकर प्रत्याशियों की सूची तक पर अहम निर्णय लिए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव करीब दो दर्जन मौजूदा विधायकों के टिकट काटने के मूड में हैं।
बताया जा रहा है कि आरजेडी नेतृत्व इस बार सामाजिक समीकरण में नया संतुलन लाने की रणनीति पर काम कर रहा है। पार्टी यादव समुदाय से इतर भूमिहार और राजपूत वर्ग के प्रभावशाली उम्मीदवारों को टिकट देने की तैयारी कर रही है, ताकि वोटों का दायरा बढ़ाया जा सके।
लालू यादव लगाएंगे अंतिम मुहर
पार्टी सूत्रों का कहना है कि संसदीय बोर्ड की बैठक में तैयार हुई प्रत्याशियों की सूची को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पास भेजा जाएगा। वही उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे और आधिकारिक घोषणा भी उन्हीं के स्तर से होगी। बैठक में राज्य संसदीय बोर्ड और केंद्रीय संसदीय बोर्ड, दोनों के सदस्य शामिल रहेंगे।
महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फार्मूला लगभग तय
आरजेडी सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे को लेकर जो प्रस्ताव तैयार हुआ है, उसमें आरजेडी को करीब 125 सीटें, कांग्रेस को 50 से 55 सीटें और वाम दलों को 25 सीटें मिलने की संभावना है। शेष 38 सीटों पर पाशुपति पारस की रालोजपा, मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसे घटक दलों को हिस्सेदारी दी जा सकती है।
इसके साथ ही आरजेडी ने महागठबंधन में तीन उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव भी रखा है, ताकि सभी प्रमुख सामाजिक वर्गों और क्षेत्रीय संतुलन को बनाए रखा जा सके।
एनडीए में भी उलझा सीट बंटवारा
दूसरी ओर, एनडीए में भी सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। बीजेपी, जेडीयू, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और एलजेपी (रामविलास) के बीच बातचीत जारी है। सूत्र बताते हैं कि कुछ सीटों पर दावेदारी को लेकर खींचतान बढ़ गई है, जिसकी वजह से घोषणा में देरी हो रही है।
राजनीतिक हलचल तेज
चुनाव की घोषणा के बाद से ही बिहार में राजनीतिक तापमान चढ़ गया है। एक ओर दल-बदल का सिलसिला जारी है, वहीं उम्मीदवारों की लिस्ट को लेकर सियासी दलों में मंथन तेज हो गया है। आरजेडी की आज की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि यही तय करेगी कि तेजस्वी यादव किन चेहरों के साथ 2025 के चुनावी मैदान में उतरेंगे।







