Newshaat_Logo

मिडिल ईस्ट संकट पर बिहार सरकार अलर्ट: फंसे मजदूरों के लिए हेल्पलाइन जारी, 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय

 
मिडिल ईस्ट संकट पर बिहार सरकार अलर्ट: फंसे मजदूरों के लिए हेल्पलाइन जारी, 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय
Bihar News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए वहां फंसे राज्य के मजदूरों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है और राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।

सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संकट में फंसे श्रमिक अब सीधे फोन या व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। श्रम संसाधन विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0612-2520053 और व्हाट्सऐप नंबर 7368855002 पर 24 घंटे मदद उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है, जो लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

दरअसल, यह फैसला मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट बैठक में लिया गया, जिसमें मिडिल ईस्ट की बिगड़ती परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। हालात इतने गंभीर हैं कि वैश्विक स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  द्वारा ईरान को दी गई सख्त चेतावनी के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनते जा रहे हैं, जिसका सीधा असर वहां काम कर रहे भारतीयों, खासकर बिहार के मजदूरों पर पड़ रहा है।

अनुमान है कि खाड़ी देशों में बिहार के करीब 2 लाख से अधिक मजदूर काम करते हैं। अचानक बढ़े तनाव के कारण ये लोग भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं। दुबई, ओमान समेत कई जगहों से खबरें आ रही हैं कि मजदूरों को सुरक्षा कारणों से कमरों या सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जाएगी और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घबराएं नहीं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन से संपर्क करें।