Movie prime

Bihar Land News: विजय कुमार सिन्हा का बड़ा एक्शन: भू-माफियाओं से सांठगांठ साबित हुई तो राजस्व कर्मी होंगे बर्खास्त

 
Bihar Land News: विजय कुमार सिन्हा का बड़ा एक्शन: भू-माफियाओं से सांठगांठ साबित हुई तो राजस्व कर्मी होंगे बर्खास्त

Bihar news: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जमीन से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि यदि किसी भी राजस्व कर्मी की मिलीभगत भू-माफियाओं के साथ पाई गई, तो उसे नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। यही नहीं, ऐसे कर्मियों की अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

राजस्व विभाग का प्रभार संभालने के बाद से विजय सिन्हा लगातार सुधारात्मक कदम उठा रहे हैं। लखीसराय जिले में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लोगों ने लगाए रिश्वत और टालमटोल के आरोप

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिन्होंने जमाबंदी सुधार, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण हटाने और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अधिकारियों पर रिश्वत मांगने और फाइलें जानबूझकर लंबित रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए। शिकायतें सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों से सीधे जवाब-तलब किया।

भूमि विवाद समाज के लिए सबसे बड़ा ज़हर

विजय सिन्हा ने कहा कि जमीन विवाद समाज में अशांति और अपराध की जड़ है। इसे खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी आवेदन देने वालों और दलालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

डीएम-एसपी को सख्त निर्देश

डिप्टी सीएम ने जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि भू-माफियाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और उनकी सूची तैयार की जाए। साथ ही, लगभग 20 नए राजस्व पदाधिकारियों की तैनाती को लेकर प्रधान सचिव को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद के जरिए आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है और आगे भी यह अभियान और तेज़ किया जाएगा।