Newshaat_Logo

Bihar MLC Election 2026: ‘छोटे सरकार’ को आज जवाब देंगे नीरज! नामांकन में शक्ति प्रदर्शन, ललन सिंह पर नजर

Bihar Politics:  बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. जदयू के अधिकृत प्रत्याशी और मौजूदा MLC नीरज कुमार आज नामांकन दाखिल करेंगे. वहीं, जदयू विधायक अनंत सिंह उनके खिलाफ खुलकर मैदान में हैं और जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं. अनंत सिंह ने नीरज कुमार से पुराने विवाद का हवाला देते हुए उनका विरोध किया है.
 
BIHAR POLITICS

Bihar Politics:  बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कई सीटों पर प्रत्याशियों के नामांकन का सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर है। यहां मुकाबला अब महज चुनावी नहीं रह गया है, बल्कि जदयू के भीतर की सियासी खींचतान भी खुलकर सामने आ गई है।

पटना स्नातक सीट से NDA समर्थित जदयू प्रत्याशी और मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार आज नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, जदयू के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोले हुए हैं। अनंत सिंह न सिर्फ नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं, बल्कि जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार भी कर रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट का चुनाव बिहार की सियासत में खासा महत्वपूर्ण बन गया है।

तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करेंगे नीरज कुमार

जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के नामांकन को लेकर पार्टी की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक वह सुबह 10:15 बजे ऑफिसर्स फ्लैट, राजवंशीनगर से अपने समर्थकों के साथ निकलेंगे।

इसके बाद उनका काफिला पंचरूपी मंदिर, पटना हाईकोर्ट, इनकम टैक्स गोलंबर, तारामंडल, मौर्यालोक और सिटी सेंटर-पुलिस लाइन होते हुए अखंड वासनी मंदिर पहुंचेगा।

करीब 11:55 बजे गोलघर स्थित अखंड वासनी मंदिर में नीरज कुमार पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे पटना आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

नामांकन के बाद करीब 1:30 बजे छज्जू बाग स्थित दादी जी सती मंदिर जाने का कार्यक्रम है। यहां वह नामांकन में पहुंचे समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात करेंगे।

ललन सिंह के शामिल होने पर सस्पेंस

नीरज कुमार के नामांकन कार्यक्रम में जदयू के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

सूत्रों के मुताबिक ललन सिंह सोमवार सुबह दिल्ली जा सकते हैं, जहां उन्हें कुछ विभागीय कार्य निपटाने हैं। ऐसे में उनके नामांकन कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में उनकी ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नीरज कुमार के सामने 'अपनों' की चुनौती

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के लिए सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी प्रत्याशियों के साथ-साथ जदयू के भीतर से सामने आ रही है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

अनंत सिंह ने न सिर्फ नीरज कुमार के विरोध का ऐलान किया है, बल्कि जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में कई जगह प्रचार भी किया है।

एक अक्टूबर को अनंत सिंह डॉ. अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने रोड शो किया था। इसके बाद नवादा और नालंदा में भी जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते हुए उन्होंने लोगों से अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

वारिसलीगंज में प्रचार के दौरान अनंत सिंह ने समर्थकों से अपील की कि डॉ. अनुज सिंह को इतना वोट मिले कि उनकी वोटों की पेटी भर जाए और विरोधी प्रत्याशी की जमानत जब्त हो जाए।

'नीतीश को मानता हूं, लेकिन नीरज से पुराना हिसाब'

नीरज कुमार के विरोध को लेकर अनंत सिंह ने अपना रुख कई बार सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट किया है। उनका कहना है कि वह नीतीश कुमार को मानते हैं और बिहार के लिए उनके योगदान का सम्मान करते हैं।

अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को बिहार बनाने वाला नेता बताते हुए उनके प्रति अपनी निष्ठा जाहिर की है। हालांकि, नीरज कुमार के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर उनका रुख बिल्कुल अलग है।

अनंत सिंह का आरोप है कि जब वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। इसी पुराने विवाद को वह अब भी मुद्दा बनाए हुए हैं।

अनंत सिंह ने पार्टी में नीति और नियम को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पार्टी में कोई नीति और नियम है तो वह सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा है कि "पार्टी रहे या ना रहे, मैं किसी का कर्मचारी नहीं हूं।"

इस बयान के बाद पटना स्नातक सीट का चुनाव जदयू के लिए और भी दिलचस्प हो गया है।

नीतीश कुमार ने नीरज को दिया पार्टी का समर्थन

अनंत सिंह के खुले विरोध के बावजूद जदयू नेतृत्व ने नीरज कुमार के पक्ष में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को पार्टी का चुनावी प्रपत्र सौंपा।

इसके बाद नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात भी की। मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें मजबूती के साथ चुनाव लड़ने और जीत के लिए प्रयास करने का संदेश दिया।

नीरज कुमार ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से भी नीरज कुमार के समर्थन में लगातार संदेश दिए जा रहे हैं।

चार अक्टूबर को जदयू कार्यालय में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि नीरज कुमार ही NDA के अधिकृत प्रत्याशी हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से नीरज कुमार को पूरी ताकत के साथ चुनाव जिताने की अपील की।

8 सीटों पर चुनाव, पटना स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा नजर

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रत्याशी मैदान में हैं। पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा, जबकि कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस के मनोज जायसवाल और जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन समेत कई प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

हालांकि, इन सभी सीटों के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी सबसे बड़ी वजह जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ उसी पार्टी के विधायक अनंत सिंह का खुला विरोध है।

एक तरफ जदयू नेतृत्व नीरज कुमार को अधिकृत प्रत्याशी बताते हुए उनके समर्थन में संगठन को एकजुट करने में जुटा है, तो दूसरी ओर अनंत सिंह जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मैदान में उतर चुके हैं।

अब सवाल यही है कि क्या जदयू नेतृत्व की पूरी ताकत नीरज कुमार को जीत दिला पाएगी या अनंत सिंह का खुला विरोध पटना स्नातक सीट के समीकरण को बदल देगा? चुनावी नतीजे ही बताएंगे कि इस सियासी खींचतान का असली असर किसके पक्ष में जाता है।