Bihar MLC Election: BJP ने खोले पत्ते, 4 सीटों पर उम्मीदवार घोषित; नवल किशोर-एनके यादव को फिर मौका
Bihar News: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अब और साफ हो गई है। भाजपा ने मंगलवार को अपनी ओर से चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी ने दो मौजूदा विधान पार्षदों पर फिर भरोसा जताया है, जबकि दो सीटों पर नए चेहरे उतारे हैं।
भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से प्रो. नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
दो मौजूदा MLC पर फिर जताया भरोसा
भाजपा की सूची में पटना शिक्षक और कोसी स्नातक सीट सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। दोनों सीटों पर पार्टी ने अपने मौजूदा विधान पार्षदों को ही दोबारा मैदान में उतारा है।
यानी नवल किशोर यादव और डॉ. एनके यादव एक बार फिर अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने इन दोनों सीटों पर चेहरा बदलने के बजाय मौजूदा प्रतिनिधियों को ही आगे बढ़ाया है।
दरभंगा से सर्वेश कुमार को भाजपा का टिकट
दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा ने सर्वेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि सर्वेश कुमार पिछली बार पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे थे और जीत हासिल की थी।
अब इस बार भाजपा ने उन्हें अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में दरभंगा स्नातक सीट का चुनाव खास तौर पर चर्चा में रहेगा।
तिरहुत शिक्षक सीट पर नरेंद्र प्रसाद सिंह
भाजपा ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले भी वह विधान परिषद चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि पिछली बार उन्हें जीत नहीं मिली थी।
भाजपा की चार नामों वाली सूची सामने आने के साथ ही NDA की ओर से उम्मीदवारों की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।
आठ सीटों पर होना है चुनाव
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर यह चुनाव हो रहा है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।
अब भाजपा, JDU, जन सुराज और विपक्षी दलों के उम्मीदवारों के मैदान में आने के बाद आठों सीटों पर मुकाबले की तस्वीर सामने आने लगी है।
JDU ने चार सीटों पर उतारे उम्मीदवार
NDA में भाजपा के साथ JDU ने भी चार सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है।
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के सामने जन सुराज के अनुज कुमार सिंह के उतरने के बाद यह सीट पहले से ही चर्चा में है। JDU विधायक अनंत सिंह ने भी अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान किया है।
जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर उतारे उम्मीदवार
जन सुराज भी इस बार सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। पार्टी ने पटना स्नातक से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।
तिरहुत शिक्षक सीट पर पार्टी ने पहले घोषित भूषण झा की जगह अब श्याम नंदन यादव को उम्मीदवार बनाया है। भूषण झा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
RJD ने छह सीटों पर पहले ही नाम घोषित किए
RJD ने बिहार MLC चुनाव के लिए छह सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है। पार्टी ने पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को मैदान में उतारा है।
वहीं, दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक सीट को लेकर विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी भी जताई है।
अब नामांकन के साथ बढ़ेगी चुनावी सरगर्मी
भाजपा की सूची आने के बाद बिहार की आठों MLC सीटों पर चुनावी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। अब उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने के साथ अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार अभियान को धार देंगे।
यह चुनाव आम विधानसभा चुनाव से अलग है, क्योंकि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग मतदाता सूची होती है। ऐसे में उम्मीदवारों के सामने संबंधित मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन को सक्रिय करने की चुनौती होगी।
23 अक्टूबर के मतदान और 27 अक्टूबर की मतगणना के साथ बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर तस्वीर साफ होगी।







