Newshaat_Logo

बिहार MLC चुनाव: शुरुआती रुझान में नीरज कुमार आगे, अंनत सिंह के अनुज तीसरे नंबर पर

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों को लेकर मतगणना जारी है। पांच जिलों पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जा रही है
 
नीरज कुमार

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों को लेकर मतगणना जारी है। पांच जिलों पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जा रही है। शुरुआती रुझानों के साथ ही राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

शुरुआती दो घंटों में मतपेटियों से मतपत्र निकालने का काम किया गया। इसके बाद सामने आए शुरुआती रुझानों में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार बढ़त बनाए हुए हैं। नीरज कुमार करीब 900 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, राजद के दिलीप कुमार दूसरे स्थान पर हैं, जबकि मोकामा विधायक अनंत सिंह के करीबी माने जाने वाले अनुज सिंह 671 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।

हालांकि, ये शुरुआती रुझान हैं। मतगणना पूरी होने और सभी मतों की गिनती के बाद ही अंतिम तस्वीर साफ हो पाएगी। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नीरज कुमार अपनी बढ़त बरकरार रख पाते हैं या फिर मुकाबले में कोई बड़ा उलटफेर देखने को मिलता है।

इधर, पटना में मतगणना के दौरान हंगामे की भी खबर सामने आई है। पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में हो रही है। इसी दौरान मतगणना केंद्र पर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और 'वोट चोर' के नारे लगाए।

बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति फाइल लेकर मतगणना केंद्र के अंदर जा रहा था। इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई और हंगामा शुरू हो गया।

फिलहाल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में नीरज कुमार की बढ़त और पटना के मतगणना केंद्र पर हुए हंगामे ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि अंतिम नतीजे किसके पक्ष में आते हैं।