Bihar News: नई सरकार के मंत्रियों की लिस्ट को लेकर दिल्ली में तेज मंथन, NDA में ‘बराबरी की हिस्सेदारी’ पर खींचतान तेज
Patna, Delhi: बिहार में 20 नवंबर को होने वाले शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली में राजनीतिक हलचल चरम पर है। नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने में अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं, लेकिन नई सरकार में किसे मंत्री बनाया जाएगा इस पर अंतिम फैसला अभी तक नहीं हो पाया है। जदयू और भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है, जबकि दिल्ली में सोमवार रात से ही बड़े नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है।
दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग जारी: अमित शाह–नड्डा की रणनीतिक बैठक ने बढ़ाया सस्पेंस
मंगलवार सुबह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पहुंचे जहाँ दोनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा हुई। इसी बीच जदयू नेता ललन सिंह और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सोमवार रात चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे। दोनों नेता आज भाजपा नेतृत्व के साथ मंत्रियों की सूची और पदों की हिस्सेदारी पर अंतिम बातचीत करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट गठन और मंत्री पदों के बंटवारे पर जदयू–भाजपा के बीच ‘बराबरी की हिस्सेदारी’ को लेकर सियासी खींचतान तेज है।
स्पीकर पद पर सबसे बड़ी टकराहट
जदयू बिहार विधानसभा के स्पीकर पद को अपने पास रखना चाहता है और बदले में भाजपा को विधान परिषद सभापति का पद देने का प्रस्ताव रख रहा है।
लेकिन भाजपा स्पीकर और सभापति दोनों पद अपने पाले में रखना चाहती है, जिसे लेकर बातचीत कई दौर तक अनिर्णायक रही है।
मंत्री पदों के फार्मूले पर भी मतभेद
सूत्रों के अनुसार संभावित फार्मूला इस तरह हो सकता है:
*BJP को 15–16 मंत्री पद
* JDU को 14 मंत्री पद
* JDU कोटे से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री
* LJP (चिराग) को 3 मंत्री पद
* HAM और RLSP (रालोमो) को 1–1 मंत्री पद
मंत्रिमंडल में जातीय समीकरणों का खास ध्यान रखा जाएगा, ताकि सभी सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व मिले।
एनडीए की प्रचंड जीत का असर
एनडीए ने 202 सीटें जीतकर बिहार की राजनीति में नया रिकॉर्ड बनाया है।
• BJP — 89 सीटें
• JDU — 85 सीटें
• LJP — 19 सीटें
• HAM — 5 सीटें
• RLSP — 4 सीटें
ऐतिहासिक जीत के बाद मंत्रिमंडल में मजबूत प्रतिनिधित्व को लेकर सभी सहयोगी दल दांव खेलने में जुटे हैं।
विपक्ष को करारा झटका
विपक्ष इस बार बुरी तरह पिछड़ गया:
• RJD — 25 सीटें
• Congress — 6 सीटें
• CPI(ML) — 3 सीटें
• CPM — 1 सीट
• AIMIM — 5 सीटें
• BSP — 1 सीट
एनडीए की प्रचंड बढ़त ने विपक्ष को बैकफुट पर धकेल दिया है।
20 नवंबर को होगा भव्य शपथ ग्रहण
पटना के गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। VVIP मूवमेंट को देखते हुए पटना प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।







