Bihar news: अचानक JDU दफ्तर पहुंचे नीतीश कुमार, नेताओं में मची हलचल, संगठन को दिया साफ संदेश
Bihar political news: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वीरचंद पटेल पथ स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सभी को चौंका दिया। बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री के पहुंचते ही पार्टी कार्यालय में हलचल तेज हो गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद नीतीश कुमार ने सीधे संगठन की गतिविधियों और दफ्तर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परिसर का निरीक्षण, मंत्रियों को मिले निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यालय के मुख्य भवन के साथ-साथ पीछे के हिस्से का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री अशोक चौधरी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यालय के रख-रखाव, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कार्यप्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
करीब 10 मिनट तक कार्यालय में रुके मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातें ध्यान से सुनीं और संगठन को और सशक्त बनाने को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री का यह अंदाज कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह भर गया।
संगठन को एक्टिव करने का संकेत
राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे को संगठन को सक्रिय और अनुशासित रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अचानक दफ्तर पहुंचकर नीतीश कुमार ने साफ संदेश दिया कि वे सरकार के साथ-साथ पार्टी संगठन की गतिविधियों पर भी पूरी नजर बनाए हुए हैं। निरीक्षण और संवाद के बाद मुख्यमंत्री अपने आवास लौट गए।







