Bihar News: दो IAS अधिकारियों पर कसा शिकंजा, SVU करेगी PMLA के तहत केस – ठेकेदार के साथ यूरोप टूर और अनियमित टेंडरिंग की खुली परतें
Bihar news: बिहार में बड़े प्रशासनिक हलचल की आहट तेज हो गई है। राज्य की विशेष निगरानी इकाई (SVU) अब बिहार कैडर के दो आईएएस अधिकारियों- योगेश कुमार सागर (2017 बैच) और अभिलाषा कुमारी शर्मा (2014 बैच) के खिलाफ पीएमएलए (PMLA) के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी में जुट गई है। ईडी ने अपनी जांच में दोनों अधिकारियों की भूमिका को संदिग्ध पाया था और 19 नवंबर को एसवीयू को आधिकारिक पत्र भेजकर खुद के स्तर पर PMLA केस दर्ज करने का निर्देश दिया था।
ईडी की जांच में मिले पुख्ता सबूत
राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब SVU औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर मामले को कोर्ट में भेजेगी। इसके बाद ईडी इस केस को टेकओवर करेगी, क्योंकि एजेंसी सीधे FIR दर्ज नहीं करती।
जांच में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं-
• पटना के हाई-प्रोफाइल ठेकेदार रिशु श्री ने सरकारी टेंडर दिलाने के एवज में दोनों IAS अधिकारियों और इनके परिवारों को यूरोप टूर (ऑस्ट्रिया सहित कई देश) पर भेजा।
• यात्रा का पूरा खर्च ठेकेदार ने उठाया था।
• इसके अलावा IAS अभिलाषा शर्मा के घर की छत पर बनी बागवानी पर आए करीब 9 लाख रुपये भी रिशु श्री ने ही खर्च किए।
SVU के ADG पंकज दराद ने पत्र मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि अनुमति मिलते ही दोनों अधिकारियों पर FIR दर्ज की जाएगी।
देशभर के 9 शहरों में ईडी की छापेमारी
मनी लॉन्ड्रिंग के इस बड़े मामले में ईडी ने हाल ही में रिश्तेदारों और सहयोगियों के 9 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे।
ये छापेमारी अहमदाबाद, सूरत, गुरुग्राम और दिल्ली समेत अन्य शहरों में की गई।
कार्रवाई में मिले:
• करीब 33 लाख रुपये नकद
• कई डिजिटल डिवाइस
• डायरियां और महत्वपूर्ण दस्तावेज
ईडी ने यह जांच मई 2025 में दर्ज SVU की एफआईआर के आधार पर शुरू की थी।
कौन है रिशु श्री?
रिशु श्री बिहार सरकार के कई विभागों में ठेकेदार और उप-ठेकेदार के रूप में काम करता था।
आरोप है कि-
• बड़े सरकारी टेंडर दिलाने के लिए वह अधिकारियों को भारी कमीशन देता था।
• उसका नाम पहले भी आईएएस संजीव हंस से जुड़े एक विवादित केस में सामने आ चुका है।
ईडी अब इस मुद्दे की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे होने की संभावना है।







