Movie prime

Bihar news: विकसित भारत की राह पर बड़ा कदम: केंद्रीय बजट 2026-27 को सीएम नीतीश कुमार ने बताया भविष्य गढ़ने वाला

 
Nitish kumar

Bihar news: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए वित्त बजट 2026-27 की सराहना की है। उन्होंने इस बजट को विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बताते हुए कहा कि यह बजट सकारात्मक, स्वागत योग्य और भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में देश के विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस बजट में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा खास है। इनमें वाराणसी से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रा आसान होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा बजट में देशभर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने का ऐलान किया गया है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाजों की मरम्मत की सुविधा शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलमार्गों के विकास से बिहार के कई शहरों को फायदा होगा, राज्य के उत्पादों के निर्यात में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन की घोषणा की गई है। इससे बिहार सहित पूरे देश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और उद्योगों को मजबूती मिलेगी।

नीतीश कुमार ने कहा कि बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास पर विशेष फोकस किया गया है। इससे बिहार में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, आधारभूत संरचना मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही, शहरों के विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार के शहरी क्षेत्रों में विकास, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि यह बजट देश और बिहार दोनों के लिए विकास की नई राह खोलने वाला है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।