Bihar news: आज पेश होगा नीतीश सरकार 10.0 का पहला बजट, 3.50 लाख करोड़ तक पहुंच सकता है बजट का आकार
Bihar news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। आज राज्य की नई सरकार अपना पहला बजट पेश करने जा रही है। बजट सत्र को लेकर विधानसभा परिसर में सुबह से ही हलचल तेज है। विधायक और मंत्री सदन पहुंचने लगे हैं। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पहले ही सदन में पहुंच चुके हैं। आज वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
यह बजट नीतीश सरकार 10.0 के कार्यकाल का पहला बजट है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
करीब 3.50 लाख करोड़ का हो सकता है बजट
जानकारी के अनुसार इस बार बिहार सरकार का बजट पिछले साल की तुलना में करीब 10 प्रतिशत बड़ा हो सकता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट का आकार 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये था। अनुमान लगाया जा रहा है कि 2026-27 का बजट 3 लाख 48 हजार करोड़ से लेकर 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये के बीच हो सकता है।
पिछला बजट चुनावी वर्ष का था, जिसमें सरकार ने 52 से ज्यादा लोकलुभावन घोषणाएं की थीं।
नई घोषणाओं से परहेज की संभावना
इस बार सरकार का रुख थोड़ा अलग नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि इस बजट में बड़ी नई घोषणाएं कम होंगी। सरकार का ज्यादा फोकस पहले से की गई घोषणाओं को जमीन पर उतारने पर रहेगा। संसाधनों की सीमित उपलब्धता भी इसका बड़ा कारण बताई जा रही है।
हालांकि, पुराने वादों को पूरा करने के लिए सरकार को जरूरत पड़ने पर अनुपूरक बजट भी लाना पड़ सकता है। इस बजट में सात निश्चय-3 योजना के तहत किए गए वादों के क्रियान्वयन की रूपरेखा तय होने के संकेत हैं। अगले पांच वर्षों में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने का लक्ष्य भी इसी योजना का हिस्सा है।
वेतन मद पर जाएगा बजट का बड़ा हिस्सा
2026-27 के बजट में सबसे ज्यादा खर्च वेतन मद पर होने की संभावना है। पिछले एक साल में करीब एक लाख नई सरकारी नियुक्तियां हुई हैं। इन कर्मचारियों के वेतन के लिए बजट में बड़ी राशि का प्रावधान करना जरूरी होगा। सरकार का दावा है कि बीते कुछ वर्षों में पांच लाख से अधिक नियुक्तियां की गई हैं, जिससे हर साल सरकार पर खर्च का बोझ बढ़ता जा रहा है। इसका असर विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध राशि पर भी पड़ सकता है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना रहेगी खास
इस बजट में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना भी अहम रहने वाली है। इस योजना के तहत चयनित महिलाओं को कुल दो लाख रुपये दिए जाने हैं। चुनाव के दौरान 10 हजार रुपये पहले ही महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं। अब बाकी राशि के लिए बजट में प्रावधान किए जाने की संभावना है।
नए विभागों पर बढ़ेगा खर्च
हाल ही में बने तीन नए विभाग उच्च शिक्षा, युवा रोजगार एवं कौशल विकास और नागरिक उड्डयन के लिए बजट में अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया जा सकता है। सरकार की प्राथमिकताओं को देखते हुए शिक्षा से जुड़े विभागों के बजट में 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी संभव मानी जा रही है।
नीतीश सरकार 10.0 का यह पहला बजट नई घोषणाओं से ज्यादा पुराने वादों को पूरा करने और विकास की रफ्तार बनाए रखने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।







