Bihar news: मंत्रिमंडल विस्तार में देरी पर सदन में बवाल, विपक्ष के तंज पर भड़के मंत्री, जवाब-सवाल में अटक गई कार्यवाही- अशोक चौधरी ने दिया सख्त जवाब
Bihar news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के 11वें दिन सदन का माहौल काफी गरम रहा। कार्यवाही शुरू होते ही कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सवाल-जवाब और तकरार के बीच सदन में जोरदार बहस देखने को मिली।
दरअसल, नई सरकार बनने के कई महीने बाद भी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होने को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। इसी मुद्दे पर चर्चा के दौरान बात इतनी बढ़ी कि बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई।
विपक्ष की ओर से भाई वीरेंद्र ने कैबिनेट विस्तार में देरी पर सवाल उठाते हुए सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। इस पर सरकार की तरफ से मंत्री अशोक चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उनके जवाब पर विपक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
हंगामा बढ़ते ही विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से खड़े हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ समय के लिए सदन में शोर-शराबे की स्थिति बन गई और कार्यवाही प्रभावित हुई। कैबिनेट विस्तार का मुद्दा पूरे दिन चर्चा के केंद्र में रहा।
मौजूदा समय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में 25 मंत्री शामिल हैं। एक मंत्री के इस्तीफे के बाद कई पद खाली हैं, जिन्हें भरने को लेकर अटकलें तेज हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार पर तस्वीर साफ हो सकती है।







