बजट 2026 में बिहार का नाम नहीं, पटना को मिला शिप रिपेयर सेंटर; डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बोले– विकसित भारत की मजबूत नींव
बजट के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट 2047 के विकसित भारत की नींव रखने वाला है और देश को आगे ले जाने की स्पष्ट दिशा दिखाता है।
किस दिशा में बढ़ेगा देश, बजट में साफ संकेत
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बजट से यह साफ होता है कि सरकार देश को किन क्षेत्रों में मजबूत बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि हाई-स्पीड रेल, मत्स्य पालन, सेमीकंडक्टर उद्योग, जल मार्गों का आधुनिकीकरण और जिला स्तर तक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने जैसे सेक्टरों पर सरकार ने खास फोकस किया है।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बजट की सराहना
सम्राट चौधरी ने जिला स्तर तक आईसीयू और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना की विशेष तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सोच बेहद दूरदर्शी है और आम लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर यह बजट एक मजबूत कदम है।
नए इनकम टैक्स कानून पर डिप्टी सीएम का बयान
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि नया इनकम टैक्स एक्ट 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। उन्होंने बताया कि छोटे करदाताओं के लिए नियम सरल किए गए हैं, आईटीआर भरने की समय-सीमा बढ़ाई गई है, विदेशी संपत्ति की जानकारी देने में राहत दी गई है और कोर टैक्स डिमांड में कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि ये फैसले ईमानदार करदाताओं को सशक्त बनाएंगे और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी बजट को बताया मजबूत रोडमैप
वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी बजट को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, विकास और समावेशी प्रगति का स्पष्ट रोडमैप है। उनके अनुसार यह बजट हर वर्ग को सशक्त करने के साथ-साथ नए अवसरों और स्थायी विकास की नींव रखता है।
कुल मिलाकर, भले ही बजट भाषण में बिहार का नाम सीधे तौर पर न आया हो, लेकिन पटना को मिली बड़ी घोषणा और केंद्र सरकार के विजन को लेकर राज्य के सत्ताधारी दल ने इसे भविष्य की मजबूत तैयारी बताया है।







