Movie prime

Bihar Political news: राजद की करारी हार के असली कारणों का खुलासा: परिवारिक फूट, कमजोर रणनीति, मैदान से गायब स्थानीय नेता और बाहरी टीमों का कब्ज़ा

 
राजद की करारी हार के असली कारणों का खुलासा: परिवारिक फूट, कमजोर रणनीति, मैदान से गायब स्थानीय नेता और बाहरी टीमों का कब्ज़ा

Bihar Political news: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली बड़ी हार अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यह सिर्फ चुनावी हवा का रुख नहीं था, बल्कि पार्टी के भीतर वर्षों से जमा होती खामियों, टूटते संगठन और नेतृत्व तक बंद होती जमीनी पहुंच का परिणाम था। पार्टी की समीक्षा बैठक में जो बातें सामने आईं, वे बताती हैं कि राजद की हार अंदरूनी अव्यवस्था की कहानी है।

संगठन हाशिये पर, “स्पेशल पेड टीम” को मिली कमान

समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों ने साफ कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के कार्यकर्ता लगभग निष्क्रिय कर दिए गए थे। पार्टी की कमान अचानक “स्पेशल पेड टीम” के हाथ में चली गई, जिसका नेतृत्व तेजस्वी यादव के बेहद करीबी संजय यादव कर रहे थे।

इसी टीम ने उम्मीदवार चयन से लेकर प्रचार रणनीति तक हर फैसला लिया। जिला इकाई के नेता सीधे तेजस्वी निवास पोलो रोड को रिपोर्ट कर रहे थे, जिसके कारण पूरा संगठनात्मक ढांचा चरमरा गया।

33 विधायकों को टिकट से वंचित करने का ‘सर्वे विवाद’

पदाधिकारियों ने बैठक में खुलकर आरोप लगाया कि संजय यादव की टीम ने अपना सर्वे रिपोर्ट बनाकर नेतृत्व को सौंप दिया, जिसके बाद एक झटके में 33 विधायकों के टिकट काट दिए गए। इस फैसले से बगावत बढ़ी- कई नेता दल छोड़कर चले गए और कई बागी बनकर मैदान में उतर पड़े। यह संगठन के भीतर आक्रोश का पहला बड़ा विस्फोट था।

लालू परिवार में दरार का असर- पोस्टर से गायब हुए लालू, तेजप्रताप का निष्कासन

चुनाव शुरू होने से पहले तेजप्रताप यादव का निष्कासन, फिर रोहिणी आचार्य का खुलेआम असंतोष, और चुनाव प्रचार से लालू प्रसाद यादव की तस्वीर हट जाना—इन सबने समर्थकों में यह संदेश पहुंचा कि परिवार एकजुट नहीं है। लालूवाद पर भरोसा करने वाला पारंपरिक वोटर इस बार गहरे निराश हुआ।

दिल्ली–हरियाणा की बाहरी टीमों पर अत्यधिक निर्भरता

स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की जगह दिल्ली व हरियाणा से आई बाहरी मीडिया टीमों, यूट्यूबर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को चुनाव का चेहरा बना दिया गया। इनका तरीका राजद की राजनीतिक भाषा और जमीन से बिल्कुल अलग दिखा।

यहां तक कि ‘माई-बहिन योजना’ के फॉर्म भी इन्हीं टीमों के हवाले कर दिए गए, जिन पर पैसे लेने के आरोप तक लगे।

अव्यवहारिक घोषणाएं—विश्वसनीयता पर चोट

चुनाव प्रचार में पार्टी हर घर नौकरी जैसी अव्यावहारिक घोषणाओं में उलझ गई। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और 200 यूनिट फ्री बिजली जैसी योजनाएं पहले ही सरकार लागू कर चुकी थी, जिससे राजद के वादे प्रभावी नहीं रहे।

जमीनी नेता तेजस्वी तक पहुंच नहीं पाए

सबसे गंभीर आरोप यह लगा कि चुनाव के दौरान वरिष्ठ नेताओं और विधायकों तक को तेजस्वी यादव से मिलने में मुश्किलें आईं।जो मुलाकात होती भी थी, उसमें तेजस्वी के आसपास बाहरी लोग मौजूद रहते थे, जिसकी वजह से वास्तविक जमीनी फीडबैक उन तक पहुंच ही नहीं पाया।

टिकट बंटवारे को लेकर ‘खेल’ की चर्चा, कमजोर चेहरों को मिली जगह

पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने टिकट वितरण में पक्षपात और ‘अनुचित दबाव’ की बात कही। अनेक कमजोर और अनजान चेहरों को टिकट मिलने से राजद का पारंपरिक वोटर भ्रम में पड़ा और कई सीटों पर वोट ट्रांसफर नहीं हुआ।

नतीजा- पराजय नहीं, एक गहरा संगठनात्मक संकट

राजद की यह हार सिर्फ चुनावी शिकस्त नहीं, बल्कि एक गंभीर चेतावनी है। संगठन और नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी, परंपरागत नेताओं की उपेक्षा, अव्यवहारिक राजनीतिक रणनीति और परिवारिक समीकरणों की अस्थिरता इन सबने मिलकर पार्टी को कमजोर कर दिया।

जब तक राजद अपने संगठन को मजबूत नहीं करती, स्थानीय नेताओं को उनकी भूमिका वापस नहीं मिलती और नेतृत्व के आसपास की परतें नहीं हटतीं पुनरुत्थान की राह आसान नहीं होगी।