अनुष्का विवाद पर तेजप्रताप का बड़ा खुलासा: ‘न बच्चा मेरा’, साथ ही गंभीर आरोप- ‘मुकेश रौशन मेरी हत्या कराना चाहते हैं’
Bihar political news: जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव को लेकर चल रही चर्चाओं पर पहली बार खुलकर बयान दिया है। हाल के दिनों में अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीरें वायरल होने और उनके मां बनने की खबरों के बीच तेजप्रताप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को झूठ और साजिश बताया है।
रविवार को मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप यादव ने साफ कहा कि अनुष्का यादव या उनके बच्चे से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि “यह खबर पूरी तरह गलत है कि अनुष्का से मुझे बेटी हुई है। मुझे बदनाम करने के लिए झूठ फैलाया जा रहा है।”
केंद्रीय मंत्री के पोस्ट के बाद बढ़ी चर्चा
मामला तब और चर्चा में आया जब केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर तेजप्रताप यादव को बेटी होने की बधाई दे दी। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की बातें होने लगीं। शाम होते-होते तेजप्रताप यादव मीडिया के सामने आए और अपना पक्ष रखा।

“मुझे फंसाने की साजिश हो रही” तेजप्रताप
तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें सुनियोजित तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें वायरल की गईं। उन्होंने इस पूरे मामले को षड्यंत्र बताया और कहा कि वे इसको लेकर कोर्ट जाएंगे और केंद्रीय गृह मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही पीएम मोदी से मिलने की भी बात कही।
पांच लोगों को बताया ‘जयचंद’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजप्रताप यादव ने पांच लोगों के नाम लेते हुए उन्हें “जयचंद” बताया। उन्होंने कहा कि मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह ने मिलकर उन्हें बदनाम किया है। उनका आरोप है कि इन्हीं लोगों ने परिवार और पार्टी से उन्हें अलग कराने में भूमिका निभाई और अब झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि राकेश रौशन उनकी हत्या करवाना चाहते हैं।

जिसके बाद उन्होंने यह भी बताया कि अनुष्का यादव के साथ संबंध को लेकर सही जानकारी आकाश भाटी दे सकते हैं।
मानसिक दबाव में होने की बात कही
तेजप्रताप यादव ने कहा कि लगातार विवाद और आरोपों की वजह से वे मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे गढ़े जा रहे हैं, जैसा पहले उनके पिता लालू प्रसाद यादव के साथ हुआ था। जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी वायरल हुई थीं तस्वीरें
करीब आठ महीने पहले अनुष्का यादव के साथ तेजप्रताप यादव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उस समय उनके अकाउंट से रिलेशनशिप से जुड़ी एक पोस्ट भी आई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। तेजप्रताप ने तब भी अकाउंट हैक होने की बात कही थी। उसी विवाद के बाद उन्हें राजद और परिवार से अलग कर दिया गया था।
अनुष्का यादव पटना की रहने वाली बताई जाती हैं। उनके भाई का पहले राजद के युवा विंग से संबंध रहा है। बाद में पार्टी से अलग होने के बाद वे दूसरी पार्टी से जुड़े बताए जाते हैं। तेजप्रताप और अनुष्का के रिश्ते को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं, लेकिन तेजप्रताप यादव ने एक बार फिर किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है।







